N1Live National नीट परीक्षा में गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं, अभ्यर्थियों आत्मविश्वास से दें परीक्षा: सीएम धामी
National

नीट परीक्षा में गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं, अभ्यर्थियों आत्मविश्वास से दें परीक्षा: सीएम धामी

There is no room for irregularities in the NEET exam; candidates should take the test with confidence: CM Dhami.

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में गुरुवार को कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। बैठक की शुरुआत राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल बीसी खंडूरी और मशहूर शूटर एवं पद्म श्री सम्मानित जसपाल राणा के निधन पर शोक प्रस्ताव के साथ हुई। दोनों दिवंगत व्यक्तित्वों को श्रद्धांजलि देते हुए कैबिनेट मंत्रियों और अधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बीसी खंडूरी ने राज्य के विकास, सुशासन और जनसेवा की दिशा में ऐतिहासिक योगदान दिया है। खंडूरी का नेतृत्व उत्तराखंड की प्रशासनिक और विकासात्मक नीतियों को मजबूत करने में अहम रहा। वहीं, अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करने वाले निशानेबाज जसपाल राणा के योगदान को भी याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी उपलब्धियां युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेंगी।

मुख्यमंत्री ने नई कमेटी और सचिवालय परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य एक नया कार्य-संस्कृति विकसित करना है, जिससे राज्य को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाया जा सके। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे टीमवर्क और पारदर्शिता के साथ कार्य करें।

इसके अलावा, देहरादून में प्रस्तावित नीट टेस्ट को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी और सभी परीक्षा केंद्रों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी।

पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि “हमने अभ्यर्थियों के लिए टिकट भी निःशुल्क किए हैं। हमारा प्रयास है कि सभी बच्चे पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें। परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जाएगी। इसके लिए आज सभी अधिकारियों, पुलिस विभाग और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की गई है। हम लगातार पूरी व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। कहीं भी किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना नहीं है। मैं सभी प्रतियोगियों से कहना चाहता हूं कि वे अच्छी तैयारी करें। पारदर्शी व्यवस्था के तहत इन परीक्षाओं का सफलतापूर्वक संचालन किया जाएगा।”

उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे बिना किसी आशंका के अपनी तैयारी पर ध्यान दें और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में शामिल हों। सरकार का उद्देश्य है कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह विश्वसनीय और निष्पक्ष हो, ताकि सभी उम्मीदवारों को समान अवसर मिल सके।

Exit mobile version