February 2, 2025
National

तिरंगे की कमी नहीं होने दी जाएगी, स्व सहायता समूह के माध्यम से हो झंडे की व्यवस्था : सीएम मोहन यादव

There will be no shortage of tricolor, arrangements for flags should be made through self-help groups: CM Mohan Yadav

भोपाल, 7 अगस्त । मध्य प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस पर ‘हर घर तिरंगा’ फहराने की तैयारियां जोरों पर है। प्रदेश के डेढ़ करोड़ घरों पर तिरंगा फहराए जाने का लक्ष्य रखा गया है। सीएम मोहन यादव ने कहा कि तिरंगे की कमी नहीं होने दी जाएगी, स्व सहायता समूह के माध्यम से झंडे की व्यवस्था की जाए।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रक्षा बंधन और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि प्रदेश में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और 15 अगस्त को जन उत्सव के रूप में मनाया जाए। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि किसी भी वार्ड या ग्राम में तिरंगे झंडे की कमी नहीं हो। शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए स्व सहायता समूहों के माध्यम से व्यवस्था की जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रदेश में रक्षा बंधन और जन्माष्टमी का पर्व सामाजिक समरसता के भाव के साथ उत्साह और उल्लास से मनाया जाए। रक्षा बंधन का पर्व भी धूमधाम से मनाया जाने वाला है। प्रदेश के 25 हजार स्थानों पर एक साथ भाई-बहन का पवित्र त्योहार रक्षा बंधन मनाया जाएगा। उसी दिन लाडली बहनों के बैंक खाते में 1,250 रुपए के अतिरिक्त 250 रुपए की राशि उपहार के तौर पर भेजी जाएगी।

उन्होंने कहा कि 15 अगस्त और 26 जनवरी हमारे सभी त्योहारों से बड़े त्योहार हैं। राज्य में इन दिनों बारिश का दौर जारी है और कई इलाकों के लोगों को परेशानियां का सामना करना पड़ रहा है। जमीनी स्थिति क्या है, इस पर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से हाल जाना। प्रदेश में हो रही बारिश की स्थिति को देखते हुए सीएम ने सावधानी बरतने और आवश्यक निगरानी व मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि तिरंगा हर भारतवासी का गौरव है। इसे देखकर हर देशवासी के मन में राष्ट्रीयता की भावना जागृत हो, इसी दृष्टि से यह अभियान चलाया जा रहा है, 15 अगस्त को पूरा देश तिरंगामय हो जाता है। मध्य प्रदेश में इस अभियान को एक उत्सव के रूप में मनाया जाता है।

Leave feedback about this

  • Service