N1Live Entertainment ‘इस किरदार ने दिया प्यार, पहचान और यादें’, श्वेता त्रिपाठी ने बताया ‘गोलू गुप्ता’ ने कैसे बदली उनकी जिंदगी
Entertainment

‘इस किरदार ने दिया प्यार, पहचान और यादें’, श्वेता त्रिपाठी ने बताया ‘गोलू गुप्ता’ ने कैसे बदली उनकी जिंदगी

'This character gave me love, recognition and memories', Shweta Tripathi reveals how 'Golu Gupta' changed her life

26 मार्च । डिजिटल के इस बढ़ते दौर में लोगों के बीच वेब सीरीज काफी पसंद की जा रही है। सीरीज में कई ऐसे कई किरदार होते हैं, जो सीधे लोगों के दिलों में गहरी छाप छोड़ देते है। ऐसा ही एक किरदार है ‘गोलू गुप्ता’, जो लोकप्रिय सीरीज ‘मिर्जापुर’ में श्वेता त्रिपाठी ने निभाया। इस किरदार को जमकर सराहना मिली। अब जब इस सीरीज को फिल्म के रूप में लाने की तैयारी हो रही है, तो इस पर श्वेता ने अपने अनुभव साझा किए हैं।

फिल्म में भी श्वेता त्रिपाठी एक बार फिर ‘गोलू गुप्ता’ के किरदार में नजर आने वाली हैं। इस पर उन्होंने कहा, ”यह किरदार मेरे दिल के बहुत करीब है। गोलू की वजह से मुझे दर्शकों का प्यार, एक अलग पहचान, नए मौके और ऐसी यादें मिली हैं, जिन्हें मैं हमेशा अपने साथ रखूंगी। इस किरदार के साथ मेरा सफर लगभग आठ साल का रहा है, जिसके चलते यह मेरे करियर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।”

अपने अनुभवों को लेकर श्वेता ने कहा, ”जब मैंने पहली बार गोलू का किरदार निभाया था, तब वह एक शांत, समझदार और पढ़ाई में विश्वास रखने वाली लड़की थी। वह ज्यादा बोलती नहीं थी, बल्कि सोच-समझकर कदम उठाने वाली लड़की थी। लेकिन जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ी, गोलू का किरदार भी बदलता गया और वह हालातों के अनुसार और मजबूत होती गई। एक ही किरदार के साथ इतने सालों तक जुड़े रहना किसी भी कलाकार के लिए बहुत खास होता है, और मैं खुद को इसके लिए भाग्यशाली मानती हूं।”

उन्होंने कहा, ”जब ‘मिर्जापुर’ का पहला सीजन रिलीज हुआ था, तब मुझे लोगों की प्रतिक्रियाएं पढ़कर बहुत खुशी हुई थी। कई दर्शकों ने गोलू के किरदार की जमकर तारीफ की थी। जहां पूरी कहानी में हिंसा और तनाव था, वहीं गोलू का शांत और समझदार स्वभाव लोगों को अलग नजर आया। यही बातें इस किरदार को खास बनाती हैं।”

समय के साथ इस किरदार के लिए लोगों का प्यार और भी बढ़ता गया। श्वेता ने कहा, ”आज भी जब लोग मुझे ‘गोलू दीदी’ कहकर बुलाते हैं, तो मुझे काफी अच्छा लगता है। यह सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि दर्शकों का प्यार है। इस किरदार ने मुझे न सिर्फ एक अभिनेत्री के तौर पर आगे बढ़ाया, बल्कि एक इंसान के रूप में भी बहुत कुछ सिखाया है।”

Exit mobile version