N1Live General News सीजेपी प्रदर्शन को लेकर फरीदाबाद में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, रेलवे स्टेशन पर भारी पुलिस बल तैनात
General News National

सीजेपी प्रदर्शन को लेकर फरीदाबाद में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, रेलवे स्टेशन पर भारी पुलिस बल तैनात

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के आह्वान के बाद फरीदाबाद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली से सटे सभी बॉर्डर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस दिल्ली जाने वाले वाहनों की सघन जांच कर रही है। फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर भी भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली जाने वाली कुछ ट्रेनों को रद्द किए जाने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट किया गया है। पुलिस प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। दिल्ली-फरीदाबाद के बदरपुर बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। यहां वाटर कैनन, आंसू गैस के इंतजाम के साथ एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियां भी तैनात की गई हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

बदरपुर बॉर्डर पर दिल्ली जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही वाहनों को दिल्ली में प्रवेश दिया जा रहा है। पुलिस की टीमें संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।

सीजेपी प्रदर्शन को देखते हुए फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों के रद्द होने से रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जांचने की सलाह दी गई है। प्रशासन का पूरा ध्यान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने पर है। दिल्ली जाने वाले लोगों को बॉर्डर पर जांच के कारण अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी जा रही है।

फरीदाबाद की तरफ से दिल्ली अली मथुरा रोड पर आने वाले फ्लाईओवर के यातायात को रोका गया है, फ्लाईओवर पर बस खड़ी करके यातायात रोका गया है। बदरपुर जा रहे एक व्यक्ति ने कहा कि पुलिस ने उनकी आईडी के साथ गाड़ी की भी जांच की है।

आकाश गुप्ता ने कहा कि विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस जांच कर रही है। युवाओं को गुमराह कर विरोध-प्रदर्शन कराया जा रहा है। इस विरोध-प्रदर्शन की कोई आवश्यकता है। पुलिस ने मेरी गाड़ी की जांच की है।

Exit mobile version