March 5, 2026
Entertainment

‘तिरंगा’ की वर्षा उसगांवकर हुई ठगी का शिकार, 47 लाख की धोखाधड़ी में दर्ज कराया केस

Tiranga’s Varsha Usgaonkar becomes victim of fraud, files case for fraud of Rs 47 lakh

5 मार्च । ‘दूध का कर्ज’ और ‘तिरंगा’ जैसी सफल फिल्में देने वाली 90 के दशक की अभिनेत्री वर्षा उसगांवकर ठगी का शिकार हो गई हैं।

वर्षा उसगांवकर समेत कई अभिनेत्रियों ने फिल्म निर्माता और बिल्डर पर 47 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। मुंबई के शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में आरोपी अविनाश जाधव के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन के मुताबिक, शिकायतकर्ता मृणालिनी सुभाष जांभले मराठी रंगमंच और फिल्मों से जुड़ी अभिनेत्री हैं। अविनाश जाधव से उनकी व्यावसायिक पहचान थी। जाधव ने खुद को नामी बिल्डर और फिल्म निर्माता बताते हुए डोंबिवली स्थित एक निर्माण प्रोजेक्ट में निवेश करने पर कम समय में अधिक मुनाफा देने का लालच दिया। उसने एक साल के भीतर पूरी मूल राशि लौटाने का भरोसा भी दिलाया था।

नवंबर 2019 से फरवरी 2020 के बीच मृणालिनी जांभले, वर्षा ऊसगांवकर और अन्य तीन लोगों ने मिलकर चेक व ऑनलाइन माध्यम से कुल 47 लाख रुपये जाधव को दिए थे। इस वक्त अविनाश जाधव ने भरोसा दिलाया था कि वह समय पर पैसे अच्छे मुनाफे के साथ लौटा देंगे। शुरुआत में 4 लाख 52 हजार रुपये भरोसा कायम करने के लिए वापस भी किए थे, लेकिन फिर पैसे देना बंद कर दिया। पीड़ितों का आरोप है कि जब उन्होंने लगातार संपर्क करने की कोशिश की तो आरोपी ने मोबाइल नंबर और पता बदल लिया। बाद में डोंबिवली जाकर जब उससे जवाब मांगा गया तो उसने धमकी देते हुए कहा कि पैसे नहीं दूंगा, जो करना है कर लो।

ठगी का पूरा मामला सामने आने के बाद मृणालिनी जांभले और अन्य अभिनेत्रियों ने शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 और 506 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इसी तरह और कितने लोगों को अपने जाल में फंसाया है।

बता दें कि वर्षा उसगांवकर बॉलीवुड व मराठी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री हैं और उन्होंने हनीमून, सोने की जंजीर और घर आया मेरा परदेसी जैसी फिल्मों में काम किया है। वर्षा आज भी मराठी सिनेमा में सक्रिय हैं।

Leave feedback about this

  • Service