N1Live Entertainment ‘चांद मेरा दिल’ का टाइटल ट्रैक रिलीज, अनन्या-लक्ष्य की केमिस्ट्री ने बिखेरा प्यार का जादू
Entertainment

‘चांद मेरा दिल’ का टाइटल ट्रैक रिलीज, अनन्या-लक्ष्य की केमिस्ट्री ने बिखेरा प्यार का जादू

Title track of 'Chand Mera Dil' released, Ananya-Lakshya's chemistry spreads the magic of love

15 अप्रैल । बॉलीवुड में रोमांटिक फिल्मों की अपनी एक अलग पहचान रही है। इन दिनों ‘चांद मेरा दिल’ को लेकर जबरदस्त चर्चा हो रही है। लंबे इंतजार के बाद फिल्म का टाइटल ट्रैक रिलीज कर दिया गया है, जिसने आते ही सोशल मीडिया पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। गाने को खासतौर पर युवाओं के बीच काफी पसंद किया जा रहा है और इसे इस साल के सबसे खूबसूरत रोमांटिक गानों में गिना जा रहा है।

गाने में अनन्या पांडे और लक्ष्य लालवानी की जोड़ी देखने को मिल रही है। वीडियो में दिखाया गया है कि कैसे कॉलेज में दोनों के बीच धीरे-धीरे पनपता प्यार है। कभी वे बाइक पर साथ घूमते है, तो कभी एक-दूसरे को छुपकर देखते है। दोनों छोटे-छोटे पलों में खुशी ढूंढते है।

इस गाने को फहीम अब्दुल्ला ने गाया है, वहीं संगीत सचिन-जिगर ने तैयार किया है। जबकि गाने के बोल अमित भट्टाचार्य ने लिखे हैं।

फहीम अब्दुल्ला ने कहा, ”’चांद मेरा दिल’ गाने में एक मासूम भावना है, जिसने मुझे इस गाने के ओर आकर्षित किया। यह गाना सिर्फ प्यार की बात नहीं करता, बल्कि उन छोटे-छोटे खास पलों को दिखाता है, जो असल में प्यार को खास बनाते हैं। मैंने कोशिश की कि अपनी आवाज में वही अपनापन लाऊं, ताकि हर सुनने वाला इस गाने से जुड़ सके।”

सचिन-जिगर ने कहा, ”हमारा मकसद ऐसा गाना बनाना था जो हमेशा याद रहे, लेकिन साथ ही नया भी लगे। हमने गाने को बहुत सिंपल रखा, ताकि भावनाएं साफ महसूस हो सके और सुनने वाले के दिल में बस जाए।”

अगर फिल्म की बात करें तो ‘चांद मेरा दिल’ में दो युवाओं की कहानी दिखाई गई है, जो कॉलेज के दौरान मिलते हैं और धीरे-धीरे एक-दूसरे के करीब आते हैं। अन्नया पांडे फिल्म में ‘चांदनी’ और लक्ष्य लालवानी ‘आरव’ का किरदार निभा रहे हैं। दोनों की केमिस्ट्री कहानी का सबसे मजबूत पक्ष मानी जा रही है।

फिल्म की कहानी में प्यार के साथ-साथ रिश्तों की जटिलता भी दिखाई गई है। जहां शुरुआत में सब कुछ खूबसूरत और आसान लगता है, वहीं आगे चलकर कहानी में कई ऐसे मोड़ आते हैं, जो सभी की जिंदगी बदल देते है।

फिल्म का निर्देशन विवेक सोनी ने किया है, जबकि इसका निर्माण करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले किया गया है। ‘चांद मेरा दिल’ 22 मई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Exit mobile version