N1Live National रियासी में उमड़ रहे पर्यटक, चिनाब में रिवर राफ्टिंग बनी आकर्षण का केंद्र
National

रियासी में उमड़ रहे पर्यटक, चिनाब में रिवर राफ्टिंग बनी आकर्षण का केंद्र

Tourists flock to Reasi, river rafting in Chenab becomes a centre of attraction

8 मई । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में गर्मियों की शुरुआत के साथ ही पर्यटन गतिविधियां तेज हो गई हैं। खासतौर पर चिनाब नदी के किनारे मौजूद रिवर राफ्टिंग स्थलों पर पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक आस्था और एडवेंचर का अनोखा संगम रियासी को इस मौसम में पर्यटकों की पसंदीदा जगह बना रहा है।

रियासी पहुंच रहे पर्यटक चिनाब नदी में रिवर राफ्टिंग का भरपूर आनंद ले रहे हैं। एक पर्यटक ने आईएएनएस से बताया कि उन्होंने जम्मू-कश्मीर की खूबसूरती के बारे में बहुत सुना था, लेकिन यहां आकर जो अनुभव मिला, वह उनकी कल्पना से भी ज्यादा खूबसूरत और मनमोहक है। उन्होंने कहा कि चिनाब नदी में राफ्टिंग करना उनके लिए बेहद रोमांचक और यादगार अनुभव रहा।

वहीं, दूसरे पर्यटक ने बताया कि वे माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आए थे। उन्होंने कहा कि मंदिर में दर्शन का अनुभव बहुत अच्छा रहा और वहां की सभी सुविधाएं भी बेहतरीन थीं। बाद में उन्हें पता चला कि पास में ही चिनाब नदी पर राफ्टिंग की सुविधा उपलब्ध है, जिसके बाद वे यहां घूमने और एडवेंचर का आनंद लेने पहुंच गए।

रियासी जिला गर्मियों में धार्मिक पर्यटन, प्राकृतिक सुंदरता और एडवेंचर गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। यहां मौजूद माता वैष्णो देवी धाम दुनिया भर के श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। इसके अलावा 100 फीट ऊंचा सियाड़ बाबा झरना भी पर्यटकों के लिए बड़ा आकर्षण है। इसकी ठंडी फुहारें, प्राकृतिक जलकुंड और हरियाली लोगों को गर्मी से राहत देते हैं।

भगवान शिव को समर्पित प्राचीन शिव खोरी गुफा भी श्रद्धालुओं के बीच खास लोकप्रिय है। वहीं बाबा धनसर क्षेत्र, करुआ झील और आसपास के घने जंगल पर्यटकों को सुकून और ठंडक का एहसास कराते हैं।

एडवेंचर पसंद करने वालों के लिए चिनाब नदी में व्हाइट वॉटर राफ्टिंग और पहाड़ी इलाकों में ट्रैकिंग की सुविधा भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसके अलावा पहाड़ी पर स्थित ऐतिहासिक भीमगढ़ किला और प्राकृतिक जलधाराओं से घिरा देवी पिंडी ट्रैक भी पर्यटकों को खूब लुभा रहा है।

गर्मियों के इस मौसम में रियासी अब श्रद्धा, रोमांच और प्राकृतिक खूबसूरती का शानदार पर्यटन केंद्र बनकर उभर रहा है।

Exit mobile version