20 अप्रैल । केरल के त्रिशूर जिले में एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सांप के काटने से आठ साल के बच्चे अल्जो की मौत के कुछ ही घंटों बाद उसके घर में एक और सांप दिखाई दिया, जिससे परिवार और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, रविवार तड़के उमस भरी गर्मी के कारण परिवार के लोग खिड़कियां खुली रखकर सो रहे थे। इसी दौरान एक सांप घर में घुस आया और अल्जो को काट लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी बच्चे की मौत का कारण सांप का काटना ही बताया गया।
अल्जो के बड़े भाई अनोश को भी उसी दौरान सांप ने काट लिया था, जो अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। इस घटना से परिवार पहले ही गहरे सदमे में था। इसी बीच सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद जब बच्चे का शव घर लाया गया, उसी दौरान घर के परिसर में एक अन्य सांप दिखने से हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत सांप को वहां से हटा दिया, लेकिन इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घर में और कितने सांप हो सकते हैं और वे कहां छिपे हो सकते हैं?
यह घर कोडाशेरीमाला की तलहटी में स्थित है, जो रबर के बागानों और जंगलों के पास का इलाका है। यहां सांपों का दिखना आम बात है, लेकिन घर के अंदर इस तरह की जानलेवा घटना पहले कभी सामने नहीं आई थी।
पड़ोसियों के अनुसार, अल्जो बेहद चंचल और मिलनसार बच्चा था। एक पड़ोसी ने बताया कि वह घटना से एक दिन पहले ही उनके घर आया था और अगले दिन फिर आने की बात कहकर गया था।
इस हादसे ने परिवार को दोहरी त्रासदी में डाल दिया है। एक ओर वे अपने छोटे बेटे के निधन का शोक मना रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बड़े बेटे के स्वस्थ होने की उम्मीद में हैं। बच्चों की मां इस घटना के बाद बेहोश हो गईं और उनका इलाज चल रहा है, जबकि पिता गहरे सदमे में हैं। उनकी बहन भी इस घटना से पूरी तरह सहम गई है।
घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है। स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि रिहायशी इलाकों में जंगली जीवों के बढ़ते खतरे से निपटने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

