N1Live National उत्तराखंड के अल्मोड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी कार, तीन युवकों की मौत
National

उत्तराखंड के अल्मोड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी कार, तीन युवकों की मौत

Tragic road accident in Almora, Uttarakhand, car falls into ditch, three youths killed

7 मई । उत्तराखंड के अल्मोडा में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा भतरौजखान क्षेत्र में हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लिया और पोस्ट मार्टम के लिए अस्पताल भेजा। इसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की।

जानकारी के अनुसार, डायल 112 को सूचना मिली कि एक गाड़ी (नंबर यूके04 एफ 6683) की नंबर प्लेट सड़क पर पड़ी है और एक व्यक्ति घायल अवस्था में दिखाई दे रहा है, जबकि वाहन मौके पर नहीं था। आशंका जताई गई कि वाहन खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही थाना भतरौजखान पुलिस, एसडीआरएफ, 108 सेवा, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।

रेस्क्यू अभियान के दौरान खाई में गिरी कार बरामद हुई। वाहन में सवार तीन लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। बताया गया कि हादसे के समय कार में तीन युवक सवार थे। यह घटना इतनी भयंकर थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है।

पता चला कि तीनों युवक जागर का कार्य करते थे और रात में ग्राम चमोली पुसैला में जागर कार्यक्रम से लौट रहे थे। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने शवों को रेस्क्यू कर मोर्चरी रानीखेत भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई।

इससे पहले, मसूरी-देहरादून मार्ग पर 100 मीटर गहरी खाई में एक ट्रक गिरने के कारण चालक की मौत हो गई, जबकि हेल्पर गंभीर रूप से घायल हुआ। मसूरी-देहरादून मार्ग पर यह घटना बुधवार तड़के हुई। पता चला कि राशन और कोल्ड ड्रिंक से भरा एक ट्रक करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया, जो देहरादून की ओर जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, ट्रक देहरादून रेलवे स्टेशन से कोल्ड ड्रिंक, तेल और अन्य राशन सामग्री लेकर उत्तरकाशी जा रहा था। इसी दौरान वाहन चालक का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया और ट्रक खाई में गिर गया। हादसे में चालक मुबारिक निवासी टिमली, थाना सहसपुर, देहरादून की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हेल्पर साजिद गंभीर रूप से घायल हो गया।

Exit mobile version