N1Live Entertainment अक्षरा सिंह की ‘अम्बे है मेरी मां’ का ट्रेलर रिलीज, दहेज के लोभियों को सबक सिखाने की अनोखी गाथा
Entertainment

अक्षरा सिंह की ‘अम्बे है मेरी मां’ का ट्रेलर रिलीज, दहेज के लोभियों को सबक सिखाने की अनोखी गाथा

Trailer of Akshara Singh's 'Ambe Hai Meri Maa' released, a unique saga of teaching a lesson to dowry seekers

13 मार्च । भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री अक्षरा सिंह लंबे समय के बाद एक बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अम्बे है मेरी मां’ लेकर आ रही हैं। फिल्म में अक्षरा मुख्य भूमिका में हैं जबकि पाखी हेगड़े मां अम्बे के रूप में नजर आएंगी। शुक्रवार को मेकर्स ने फिल्म का ट्रेलर जारी कर दिया है। इस फिल्म के जरिए निर्देशक ने दहेज प्रथा और दिन-ब-दिन लड़के वालों की मांग को पूरा करने पर लड़की के साथ चलते आ रहे बुरे बर्ताव पर केंद्रित किया गया है।

फिल्म की कहानी एक ऐसी लड़की पर केंद्रित है, जिसकी अटूट भक्ति की वजह से मां अम्बे उसका कभी साथ नहीं छोड़ती हैं। 4 मिनट 52 सेकंड का ट्रेलर काफी प्रभावशाली है।

ट्रेलर की शुरुआत अक्षरा के बचपन से होती है, जहां उसके चाचा-चाची उससे घर के सारे काम करवाने के बावजूद अच्छा खाना तक नहीं देते हैं लेकिन वह मां अम्बे की भक्ति में डूबी रहती है, जिस वजह से मां अम्बे उसकी मदद करती हैं और खाना देती हैं।

कहानी थोड़ी आगे बढ़ती है और अक्षरा बड़ी होती है, जहां उसकी शादी की बातें चलती हैं और एक दिन शादी का रिश्ता आता है, जिसके बाद वह मां अम्बे के पास जाती है और उनसे कहती है कि आप शादी में जरूर आना, जिसके बाद मां अम्बे मौसी के रूप में प्रकट होकर आती हैं। हालांकि, शादी के बाद ससुराल वालों को पता चलता है कि लड़की के साथ दहेज में कुछ नहीं आया है। इससे गुस्साए ससुरालवाले अक्षरा को घर से निकाल देते हैं। दुखी अक्षरा मां अम्बे के पास जाती है और अपनी व्यथा सुनाती है। तब मां अम्बे चमत्कार दिखाती हैं और ससुराल का घर दहेज से भर देती हैं।

जब ससुराल वालों को पता चलता है कि अक्षरा की ‘मौसी’ धनी हैं, तो वे और अधिक रुपये-चीजों की मांग करते हैं। जब अक्षरा मना कर देती है, तो वे उसे मारपीट करते हैं। यह सब देख मां अम्बे क्रोधित होकर उन्हें सबक सिखाती हैं और दहेज प्रथा की बुराई को उजागर करती हैं।

ट्रेलर देखकर पता चलता है कि इस फिल्म की कहानी पुरानी हिंदी फिल्मों की तरह है, जिसमें देवी-भक्ति, पारिवारिक ड्रामा और नैतिक शिक्षा पर जोर दिया गया है।

प्रवीण कुमार गुडूरी द्वारा निर्देशित फिल्म में अक्षरा और पाखी के अलावा, राकेश बाबू, देव सिंह, प्रेम दुबे, विद्या सिंह, रामसुजान सिंह, निशा सिंह, निशा तिवारी, इन्द्रसेन सिंह, सुवेश, प्रीति राज, मंटू, राहुल शर्मा, प्रिया पारुल, शीतल यादव, प्रिया चौधरी और बाल कलाकार के रूप में स्वस्तिका राय, गुनगुन नजर आएंगी। हालांकि, मेकर्स ने फिल्म के रिलीज होने की कोई खास जानकारी नहीं दी है।

Exit mobile version