केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि एसआईआर के माध्यम से फर्जी मतदाताओं को हटाया जाएगा और तृणमूल कांग्रेस को राज्य से झाड़ू मारकर निकाला जाएगा।
सुकांत मजूमदार ने आरोप लगाया कि टीएमसी इसलिए घबराई हुई है, क्योंकि उनकी जीत इन्हीं फर्जी वोटों और मुस्लिम वोटों पर टिकी है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने वर्षों तक वोट चोरी की है, लेकिन अब उन्हें सत्ता से हटाने का समय आ गया है।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कोलकाता में जलभराव और करंट लगने से हुई मौतों पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की आलोचना की। मजूमदार ने आरोप लगाया कि जिस कंपनी पर ममता दोष मढ़ रही हैं, उसी से उन्हें सबसे ज्यादा चंदा मिलता है।
भारी बारिश और बाढ़ प्राकृतिक आपदा हो सकती है, लेकिन करंट लगने से होने वाली मौतें लापरवाही का नतीजा हैं। इसके लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई जरूरी है।
कोलकाता को लंदन बनाने वाले ममता के बयान पर तंज कसते हुए मजूमदार ने कहा कि जनता देख रही है कि उन्होंने कोलकाता को लंदन नहीं, वेनिस बना दिया है, जहां नाव लेकर निकलना पड़ता है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती को लेकर उन्होंने कहा, “हमारे मार्गदर्शक, भारतीय जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी के महान नेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि एवं कोटि-कोटि नमन। वे एक अद्वितीय विचारक, दार्शनिक और समाजसेवी थे, जिन्होंने भारतीय राजनीति को ‘एकात्म मानवतावाद’ का महान दर्शन प्रदान किया। उनका राजनीतिक ज्ञान, त्याग और अथक समाजसेवा जीवन आज भी हमारे लिए मार्गदर्शक है।”
समाज के अंतिम व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा में शामिल करने के आदर्शों को ध्यान में रखते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अपना जीवन समर्पित कर दिया। आज उनकी स्मृति हमें प्रेरणा देती है और उनके आदर्श आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के पथ पर हमारे प्रकाश स्तंभ हैं।