N1Live National मुंबई में दो गुटों में मारपीट, पुलिस ने किया लाठीचार्ज और 5 आरोपी किए गिरफ्तार
National

मुंबई में दो गुटों में मारपीट, पुलिस ने किया लाठीचार्ज और 5 आरोपी किए गिरफ्तार

Two groups clash in Mumbai; police resort to lathicharge and arrest 5 accused

6 अप्रैल । मलाड पूर्व दिंडोशी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत संतोष नगर मार्केट में रविवार रात दो गुटों मारपीट होने से तनाव की स्थिति बन गई। मलाड में जब लोग अपने-अपने घरों में थे, तभी अचानक शोर उठा, माहौल बिगड़ा और देखते ही देखते दो गुट आमने-सामने आ गए। बहस से शुरू हुआ विवाद बाद में हिंसा में बदल गया।

संतोष नगर मार्केट में हालात इस कदर बिगड़ गए कि मुंबई पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसमें 2 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को ट्रामा केयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। दिंडोशी पुलिस स्टेशन ने मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है और 3 नाबालिगों को हिरासत में लिया है। दिंडोशी पुलिस स्टेशन ने दंगा भड़काने का मामला दर्ज किया है। आज आरोपियों को कोर्ट में पेश करेगी।

दिंडोशी पुलिस के मुताबिक, संतोष नगर इलाके में शाम दो गुटों में हाथापाई और मारपीट का मामला सामने आया था। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को कंट्रोल करने की कोशिश की, लेकिन जब भीड़ ने पुलिस की नहीं सुनी, तो पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस के मुताबिक स्थिति अब कंट्रोल में है। घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया।

पूर्व भाजपा पार्षद विनोद मिश्रा ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर हमला किया। दुर्भाग्यपूर्ण रूप से जब घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा था, तब पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया। यहां तक कि एक नाबालिग को भी पुलिस ने पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

वहीं, घटना के बाद डीसीपी महेश चिमटे ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, “इस घटना में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कोई भी दोषी बच नहीं पाएगा। घायल व्यक्ति इस घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान करके उनके नाम बताएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई करेंगे। कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। हम पूरी निष्पक्षता और गंभीरता से इस मामले की जांच कर रहे हैं और दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

Exit mobile version