N1Live National ग्रेटर नोएडा में डबल मर्डर मामले में दो विशेष टीम गठित, सीसीटीवी भी खंगाले गए
National

ग्रेटर नोएडा में डबल मर्डर मामले में दो विशेष टीम गठित, सीसीटीवी भी खंगाले गए

Two special teams formed to investigate the double murder case in Greater Noida, CCTV footage also scanned.

8 मई । ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक निजी संस्थान के निर्माणाधीन हॉस्टल के कमरे में दो लोगों के शव लहूलुहान हालत में पड़े मिले। दोनों की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

यह घटना नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित सीताराम इंस्टीट्यूट के निर्माणाधीन हॉस्टल परिसर की है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि हॉस्टल के एक कमरे में दो व्यक्तियों के शव पड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाकर जांच शुरू की गई।

पुलिस की जांच में मृतकों की पहचान इंद्र निवासी अब्दुल्लापुर, मेरठ और शीशपाल निवासी ग्राम इचौंली, मेरठ के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों व्यक्ति करीब दो से तीन दिन पहले ही संस्थान में माली का कार्य करने के लिए आए थे और निर्माणाधीन हॉस्टल परिसर में ही रह रहे थे।

घटनास्थल का दृश्य बेहद भयावह बताया जा रहा है। कमरे के अंदर दोनों शव खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। आशंका जताई जा रही है कि किसी धारदार हथियार से वार कर दोनों की हत्या की गई। पुलिस ने कमरे को सील कर फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया, जिन्होंने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं।

घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर मामला आपसी रंजिश, मजदूरी विवाद या लूटपाट से जोड़कर भी देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version