N1Live National बांदा रेलवे स्टेशन से दो वर्ष के बच्चे को किया अगवा, पुलिस ने सकुशल बरामद किया
National

बांदा रेलवे स्टेशन से दो वर्ष के बच्चे को किया अगवा, पुलिस ने सकुशल बरामद किया

Two-year-old boy kidnapped from Banda railway station, recovered safely by police

उत्तर प्रदेश के बांदा रेलवे स्टेशन से 2 वर्ष के बच्चे को अगवा कर लेने का मामला सामने आया है। मामले की जानकारी होते ही आरपीएफ और जीआरपी खोजबीन में जुटी। काफी खोजबीन के बाद डायल 112 के तहत जिला पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने बच्चे की खोजबीन शुरू की और काफी मशक्कत के बाद उसे सकुशल बरामद कर लिया।

इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि 24 मई की रात 8:30 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि बांदा रेलवे स्टेशन से एक 2 वर्षीय बच्चे को एक व्यक्ति ने अगवा कर लिया है। जीआरपी और आरपीएफ के कैमरों की फुटेज देखने पर पता चला कि यह घटना शाम 5:30 बजे घटी थी।

उन्होंने बताया कि बच्चे की मां आरती अपने भाई और उसके परिवार के साथ मुंबई जाने के लिए बांदा रेलवे स्टेशन पर आई थी और उन्हें मानिकपुर रेलवे स्टेशन जाना था, जहां से उन्हें मुंबई के लिए रवाना होना था। 2 वर्षीय बच्चा शिवांश भी रेलवे स्टेशन पर ही था। बच्चे की बरामदगी के लिए एसपी की ओर से कई टीमें बनाई गईं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे और त्रिनेत्र कैमरों से पता चला कि बच्चे को तेंदुआरी रोड की ओर ले जाया गया है। कोतवाली देहात के एसएचओ की ओर से जब घेराबंदी की गई तो आरोपी बच्चे को नहर में फेंककर भाग गया। आरोपी किशन को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद बच्चे को नहर से निकाला गया।

उन्होंने बताया कि बच्चे के परिजनों को बुलाया गया। जीआरपी और आरपीएफ की टीमें भी आईं। बच्चे को सकुशल बरामद किया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आ रहे हैं, उसके आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। जीआरपी थाने में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

Exit mobile version