N1Live Entertainment फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ रिलीज के दो साल पूरे, कार्तिक आर्यन बोले- ‘चैंपियन कभी हार नहीं मानते, वे फिर लौटते हैं’
Entertainment

फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ रिलीज के दो साल पूरे, कार्तिक आर्यन बोले- ‘चैंपियन कभी हार नहीं मानते, वे फिर लौटते हैं’

Two years since the release of the film 'Chandu Champion'; Kartik Aaryan says, "Champions never give up; they make a comeback."

फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ की रिलीज के दो साल पूरे होने के मौके पर अभिनेता कार्तिक आर्यन ने निर्देशक कबीर खान के साथ एक और नए और रोमांचक कोलेबोरेशन का संकेत दिया। कार्तिक आर्यन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बताया कि ‘चंदू चैंपियन’ उनके जीवन की सबसे खास फिल्म में से एक है।

कार्तिक आर्यन ने फिल्म में मुरलीकांत पेटकर के किरदार को निभाने के अपने अनुभव को याद करते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा कि दो साल पहले उन्होंने एक ऐसे व्यक्ति की भूमिका निभाई थी, जिसे दुनिया लगभग भूल चुकी थी, लेकिन उसी शख्स ने उन्हें जीवन के उन मूल्यों की याद दिलाई, जिन पर वे भरोसा करते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि यह फिल्म केवल एक ऐसे व्यक्ति की कहानी नहीं है, जिसने कभी हार नहीं मानी, बल्कि यह उन संघर्षों की कहानी है, जो आगे चलकर उपलब्धियों में बदल जाते हैं। कार्तिक ने लिखा कि 18 किलो वजन कम करना उनके लिए छोटी बात थी। असली बदलाव उन अनुभवों और सीखों का था जो उन्हें इस सफर में मिले।

अभिनेता ने आगे कहा कि मुरलीकांत पेटकर का किरदार निभाने के लिए उन्हें खुद को पूरी तरह बदलना पड़ा। किरदार के लिए हर सुबह जल्दी उठना, शूटिंग के दौरान पसीना बहाना और कई बार खुद पर संदेह करना सिर्फ अभिनय नहीं था, बल्कि उस किरदार को जीने जैसा अनुभव था।

उन्होंने कहा कि ‘चंदू चैंपियन’ की कहानी ने उन्हें यह सिखाया कि लोग आपके सपनों का मजाक उड़ाते हैं, लेकिन बाद में वही सपने तालियों की गूंज बन जाते हैं। कार्तिक ने आगे लिखा कि मंजिल उन्हीं लोगों को मिलती है जो हार नहीं मानते और लगातार आगे बढ़ते रहते हैं। उन्होंने बताया कि इस सोच को वे शूटिंग के हर दिन अपने साथ लेकर चले और आज भी वह सीख उनके साथ बनी हुई है।

कार्तिक आर्यन ने निर्देशक कबीर खान के साथ ही टीम के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उन पर भरोसा किया और उन्हें पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता मुरलीकांत पेटकर की कहानी को पर्दे पर उतारने का अवसर दिया।

उन्होंने लिखा, “कबीर सर, इस कहानी के लिए मुझ पर भरोसा करने के लिए धन्यवाद। साजिद सर, इसे संभव बनाने और हमेशा मेरी ताकत बनने के लिए धन्यवाद और कैमरे के पीछे काम करने वाले हर उस व्यक्ति का भी धन्यवाद, जो सुबह 5 बजे मेरे साथ दौड़ता था और जब मैं थक जाता था तो मुझे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता था।”

कार्तिक ने अपने पोस्ट के अंत में एक नए और रोमांचक प्रोजेक्ट का संकेत देते हुए लिखा कि वह जल्द ही दर्शकों के साथ कुछ खास साझा करेंगे। उन्होंने कहा, “बस थोड़ा इंतजार कीजिए… चैंपियंस जल्द वापस आएंगे।”

Exit mobile version