23 मार्च । कांग्रेस पार्टी की गुजरात इकाई ने उमरेठ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पार्टी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक संभावित उम्मीदवारों का साक्षात्कार करेंगे।
कांग्रेस की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि उपचुनाव 23 अप्रैल को होंगे और प्रदेश अध्यक्ष अमित चावड़ा के निर्देशों के अनुसार उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट करने की प्रक्रिया चल रही है।
पत्र में कहा गया है कि उपचुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों को 24 मार्च को सुबह 11 बजे उमरेठ में नियुक्त पर्यवेक्षक नटवरसिंह महिदा, पूर्व विधायक चंदनजी ठाकोर, वजीरखान पठान और जगत शुक्ला द्वारा साक्षात्कार लिया जाएगा। अंतिम निर्णय लेने से पहले संभावित उम्मीदवारों का आकलन करने के लिए यह प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
माना जा रहा है कि पर्यवेक्षकों द्वारा इच्छुक उम्मीदवारों से उमरेठ विधानसभा क्षेत्र में उनकी पकड़ और संभावित मुद्दे को लेकर बातचीत करेंगे। पर्यवेक्षकों के पैमाने पर जो खरा उतरेगा, उसे ही उम्मीदवार बनाया जाएगा।
आणंद जिले की उमरेठ सीट पर उपचुनाव की घोषणा इस महीने की शुरुआत में भाजपा के मौजूदा विधायक गोविंद परमार के निधन के बाद की गई थी।
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, मतदान 23 अप्रैल को होगा और मतगणना 4 मई को होगी। इस निर्वाचन क्षेत्र में 24 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं और 300 से अधिक मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों और वीवीपैट का उपयोग करके मतदान कराया जाएगा।
चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार नोडल अधिकारियों की नियुक्ति और मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण सहित प्रशासनिक तैयारियां पहले से ही चल रही हैं। उपचुनाव वाले सभी विधानसभा क्षेत्रों में सार्वजनिक सुविधाओं की तैयारियां भी चल रही हैं।
उमरेठ विधानसभा सीट आणंद लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। इस क्षेत्र में उमरेठ तालुका और आणंद तालुका के कुछ हिस्से शामिल हैं, जिनमें कई गांव और शहरी क्षेत्र भी हैं। 2022 के राज्य विधानसभा चुनाव में गोविंद परमार ने 26,000 से अधिक वोटों के अंतर से यह सीट जीती थी।

