N1Live National रांची में बेकाबू थार ने मचाया कोहराम, छह को रौंदा, एक की मौत
National

रांची में बेकाबू थार ने मचाया कोहराम, छह को रौंदा, एक की मौत

Uncontrolled Thar created havoc in Ranchi, trampling six people, killing one.

12 फरवरी । रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित एसयूवी (थार) ने छह लोगों को रौंद डाला। घटना में 40 वर्षीय धर्मेंद्र कुमार की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने एसयूवी चला रहे शख्स की पहचान कर ली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए बुधवार देर रात से छापेमारी जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, साउथ रेलवे कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर के समीप एक गृह प्रवेश समारोह से भोजन कर बाहर निकले कुछ लोग सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान रेलवे स्टेशन की ओर से तेज गति से आई थार ने नियंत्रण खो दिया और सामने मौजूद लोगों को रौंदते हुए आगे बढ़ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वाहन की रफ्तार काफी अधिक थी, जिससे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों में रेलवे की टीटी अन्नपूर्णा नायडू (50), उनके पुत्र कुणाल नायडू (26), संदीप महतो (40), अमित सिंह (35) और प्रशांत गौरव शामिल हैं। अन्नपूर्णा और कुणाल का उपचार राज अस्पताल में चल रहा है, जबकि प्रशांत गौरव को गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य दो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनका शव पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया है। वह मोबाइल टावर इंस्टॉलेशन से जुड़ी एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि वाहन डोरंडा की दिशा में भागा। चुटिया थाना पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। स्टेशन रोड, नेपाल हाउस और अन्य प्रमुख मार्गों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग की भी जांच की जा रही है। शहर के विभिन्न इलाकों में वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

घटना के बाद कॉलोनी में शोक और आक्रोश का माहौल है। दो दिन पहले भी रांची में एक तेज रफ्तार एसयूवी ने कई लोगों को टक्कर मारी थी। पुलिसकर्मियों ने जब एसयूवी को रोकने की कोशिश की तो चालक ने उन्हें रौंदने की कोशिश की थी। इसके बाद पुलिस ने एसयूवी पर फायरिंग कर ड्राइवर को काबू में किया था।

Exit mobile version