N1Live National केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज से लद्दाख के दो दिवसीय दौरे पर, विकास परियोजनाओं की करेंगे समीक्षा
National

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज से लद्दाख के दो दिवसीय दौरे पर, विकास परियोजनाओं की करेंगे समीक्षा

Union Home Minister Amit Shah on a two-day visit to Ladakh from today, will review development projects

30 अप्रैल । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार से केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वे 1 मई को बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों के दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे से पहले गृह मंत्रालय ने एक महत्वपूर्ण बैठक की घोषणा की है। मंत्रालय ने बताया है कि 22 मई को एक उप-समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में लेह एपेक्स बॉडी और कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस के साथ चर्चा होगी।

दरअसल लद्दाख में हाल के वर्षों में प्रशासनिक और राजनीतिक मुद्दों को लेकर स्थानीय संगठनों की सक्रियता बढ़ी है और केंद्र सरकार के साथ संवाद की प्रक्रिया जारी है। आगामी बातचीत लद्दाख से जुड़े विभिन्न मुद्दों और स्थानीय प्रतिनिधियों की मांगों पर केंद्रित रहने की संभावना है।

अधिकारियों के अनुसार, संबंधित पक्षों के बीच पिछली बैठक 4 फरवरी को नई दिल्ली में हुई थी। अब लगभग साढ़े तीन महीने के अंतराल के बाद अगली बैठक प्रस्तावित की गई है।

अधिकारियों के अनुसार, अपनी यात्रा के दौरान गृह मंत्री लद्दाख में चल रही विकास परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे और केंद्र शासित प्रदेश के प्रमुख नागरिकों से बातचीत करेंगे। हालांकि प्रशासन ने अभी तक उनके कार्यक्रमों का विस्तृत विवरण जारी नहीं किया है।

लद्दाख के उप राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे के बारे में जानकारी दी थी।

उप राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मुझे यह बताते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 30 अप्रैल को दो दिवसीय दौरे पर लेह पहुंचेंगे। 1 मई को वे बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और 1 से 14 मई तक लद्दाख में आयोजित होने वाली पवित्र प्रदर्शनी के आध्यात्मिक महत्व पर अपने विचार साझा करेंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि यह दौरा लद्दाख के विकास पर भारत सरकार के निरंतर ध्यान केंद्रित करने को दर्शाता है।

उन्होंने बताया कि मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि गृह मंत्रालय ने 22 मई को राजनीतिक संवाद के लिए उप-समिति की बैठक बुलाने का निर्णय लिया है। इससे लद्दाख के प्रमुख हितधारकों के साथ रचनात्मक लोकतांत्रिक संवाद की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और लद्दाख के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए एक स्थायी समाधान का मार्ग प्रशस्त होगा।

Exit mobile version