N1Live National अहमदाबाद विमान हादसे पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने जताया दुख, कहा- हम परिवारों के साथ खड़े हैं
National

अहमदाबाद विमान हादसे पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने जताया दुख, कहा- हम परिवारों के साथ खड़े हैं

Union Minister Arjun Ram Meghwal expressed grief over the Ahmedabad plane crash, said- we stand with the families

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने अहमदाबाद विमान हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।

राष्ट्रीय राजधानी के भारत मंडपम में शनिवार को विवाद समाधान के लिए एक प्रभावी रूपरेखा पर सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सम्मेलन में कहा, “हमें वैकल्पिक विवाद समाधान के लिए एक जीवंत व्यवस्था बनानी होगी, जिसमें मध्यस्थता, सुलह और समझौता शामिल हो। इससे निवेशकों और व्यापारियों को सुविधा होगी। साथ ही देश में आर्थिक भरोसे का माहौल मजबूत होगा। सबसे महत्वपूर्ण बात, इससे भारतीय अदालतों पर मुकदमों का बोझ कम होगा।”

सम्मेलन के बाद केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “मैं अभी कॉन्फ्रेंस से आया हूं। मैंने उन यात्रियों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है, जो अब हमारे बीच नहीं हैं।”

अर्जुन मेघवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर सम्मेलन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, “आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में कानून और न्याय मंत्रालय के विधि कार्य विभाग द्वारा “संस्थागत मध्यस्थता: विवाद समाधान के लिए प्रभावी ढांचा” विषय पर आयोजित सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में भाग लिया और संबोधन दिया। देश को आज वैकल्पिक विवाद समाधान के मजबूत तंत्र की जरूरत है, जिसमें मध्यस्थता, सुलह और समझौता जैसे विकल्प हों। इससे व्यापारियों और निवेशकों को तेजी से न्याय, पारदर्शिता और सुरक्षा मिलेगी, साथ ही भारत के आर्थिक विकास को और बल मिलेगा।”

बता दें कि अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरने वाले एयर इंडिया के विमान एआई-171 के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों की जांच के लिए सरकार ने एक उच्च स्तरीय समिति बनाई है। यह समिति कई क्षेत्रों के विशेषज्ञों को शामिल करके गठित की गई है।

गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया का विमान टेक ऑफ के कुछ ही सेकंड बाद हादसे का शिकार हो गया था। इस विमान में 242 लोग सवार थे, जिसमें से एक व्यक्ति ही जिंदा बच पाया है।

Exit mobile version