N1Live National सिक्किम दौरे पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, पीएम मोदी की अपील पर काफिले को किया छोटा
National

सिक्किम दौरे पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, पीएम मोदी की अपील पर काफिले को किया छोटा

Union Minister Jyotiraditya Scindia on Sikkim tour, shortens convoy on PM Modi's appeal

14 मई । केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 14 से 16 मई तक सिक्किम की आधिकारिक यात्रा करेंगे। यह यात्रा सिक्किम राज्य स्थापना दिवस के समारोहों के साथ ही होगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मार्गदर्शन के अनुरूप और मौजूदा वैश्विक परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए इस यात्रा के दौरान साथ जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और वाहनों की संख्या को न्यूनतम आवश्यक स्तर तक सीमित कर दिया गया है। यह निर्णय सरकार के मितव्ययिता, कार्यकुशलता और जिम्मेदार सार्वजनिक व्यय पर निरंतर जोर को दर्शाता है।

गंगटोक में सिक्किम राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सिंधिया उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के साथ शामिल होंगे, जो उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्रालय की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उनका उद्घाटन करेंगे। इनमें सिक्किम की प्रमुख यूएसपी ऑर्गेनिक फार्मिंग परियोजना भी शामिल है।

इस यात्रा के दौरान मंत्री नामची, रावांगला, यांगांग और गंगटोक में विकास, पर्यटन, शिक्षा और कृषि से संबंधित कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम में सिक्किम राज्य विश्वविद्यालय, टेमी टी गार्डन, बुद्ध पार्क, भालेडुंगा स्काईवॉक परियोजना, नाथूला स्थित एनईएसआईडीएस-ओटीआरआई परियोजना का दौरा और सिक्किम राज्य स्थापना दिवस के समारोह में भागीदारी शामिल है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अपील की थी कि वे ईंधन की खपत कम करें और सार्वजनिक परिवहन जैसे मेट्रो, कारपूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों का अधिक इस्तेमाल करें। साथ ही उन्होंने सोना खरीदने और विदेशी यात्राओं की जगह देश के अंदर यात्रा को प्राथमिकता देने की बात कही थी।

इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले में शामिल गाड़ियों की संख्या काफी हद तक कम कर दी गई है। यह फैसला प्रधानमंत्री मोदी की ‘ऊर्जा बचत’ अपील के बीच लिया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने ईंधन की खपत कम करने के उद्देश्य से अपने आधिकारिक काफिले में वाहनों की संख्या घटा दी है। इसके साथ ही एसपीजी प्रोटोकॉल के तहत सभी अनिवार्य सुरक्षा उपायों को पूरी तरह से बरकरार रखा गया है। बुधवार को सामने आए एक वीडियो में पीएम मोदी का काफिला बेहद छोटा दिखाई दे रहा है, जिसमें कुछ ही गाड़ियां शामिल हैं।

Exit mobile version