N1Live Entertainment उर्वशी रौतेला ने अपनाया करियर का अलग नजरिया, बोलीं- अब दिखावा नहीं, सिर्फ अर्थपूर्ण वाली फिल्मों की तलाश
Entertainment

उर्वशी रौतेला ने अपनाया करियर का अलग नजरिया, बोलीं- अब दिखावा नहीं, सिर्फ अर्थपूर्ण वाली फिल्मों की तलाश

Urvashi Rautela has adopted a different perspective on her career, saying, "No more showing off, just looking for meaningful films."

बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला ने अब अपने करियर को लेकर एक अलग नजरिया अपनाया है। आईएएनएस को दिए गए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि इस समय उनके लिए सबसे जरूरी चीज दिखना या लोगों से तारीफ पाना नहीं है, बल्कि ऐसे काम करना है जिनका असली मतलब हो और जिनमें भावनाएं जुड़ी हों।

आईएएनएस से बात करते हुए उर्वशी ने कहा, ”शुरुआत में हर कलाकार के लिए पहचान मिलना बहुत जरूरी होता है, लेकिन सिर्फ पहचान ही सब कुछ नहीं होती। अगर किसी काम में सच्चाई और भावना नहीं होगी, तो वह लंबे समय तक लोगों के दिल में नहीं रह सकता। मेरा मानना है कि असली सफलता वही है, जो समय के साथ भी बनी रहे और दर्शकों को अंदर तक छू जाए।”

उन्होंने कहा, ‘अब करियर में दिखावा नहीं चाहिए। अब मैं ऐसी फिल्मों की तलाश में हूं, जो दर्शकों को कोई कोई संदेश दे और जागरुक करने का काम करें।”

बता दें कि उर्वशी रौतेला ने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत साल 2013 में फिल्म ‘सिंह साहब द ग्रेट’ से की थी। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता सनी देओल नजर आए थे। यह उनकी पहली बड़ी फिल्म थी, जिसने उन्हें बॉलीवुड में पहचान दिलाई। इसके बाद वह कई फिल्मों में अलग-अलग किरदारों में नजर आईं।

अब वह ‘इंस्पेक्टर अविनाश सीजन 2’ को लेकर चर्चाओं में है। इस फिल्म में वह पूनम मिश्रा के किरदार में नजर आएंगी।

अपने किरदार के बारे में बात करते हुए उर्वशी ने कहा, ”इस सीजन में मेरा किरदार सिर्फ एक सपोर्टिव पत्नी का नहीं है, बल्कि एक ऐसे इंसान का है, जो अंदर ही अंदर बहुत कुछ झेल रहा है। इस बार मेरे किरदार की सबसे बड़ी भावना ‘साइलेंस में सर्वाइवल’ (चुप्पी में छिपा संघर्ष) है, यानी ऐसा किरदार, जो बिना शोर किए, बिना अपनी भावनाओं को बाहर दिखाए, परिस्थितियों से लड़ता रहता है और खुद को संभालने की कोशिश करता है।”

उन्होंने कहा, ”क्राइम ड्रामा में आमतौर पर लोग सिर्फ हिंसा, ताकत और एक्शन देखते हैं, लेकिन असल कहानी उसके पीछे छिपे डर और अकेलेपन की होती है। मेरे किरदार के भीतर भावनात्मक अकेलापन और खुद को सुरक्षित रखने की लगातार कोशिश दिखाई देती है। मेरा किरदार बाहरी दुनिया से ज्यादा अपने अंदर के डर और संघर्ष से लड़ रहा है। यही वजह है कि इस किरदार को निभाना मेरे लिए एक अलग अनुभव रहा है।”

उर्वशी ने कहा, ”मुझे इस किरदार में सबसे ज्यादा आकर्षित इमोशन्स लगे। वह खुद को रोककर, सोचकर और धैर्य के साथ आगे बढ़ती है। असली ताकत हमेशा जोर से बोलने या लड़ने में नहीं होती, बल्कि कई बार चुप रहकर भी हालात को संभालना सबसे बड़ी ताकत होती है। यही बात इस किरदार को खास बनाती है।”

‘इंस्पेक्टर अविनाश सीजन 2’ 15 मई 2026 से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा।

Exit mobile version