उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान लगातार जारी है। बीती रात प्रदेश के दो जिलों बलिया और बुलंदशहर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। दोनों एनकाउंटर में पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। बुलंदशहर में मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया फैजान कुरैशी सिकंदराबाद के विपिन हत्याकांड का आरोपी है। फिलहाल, पुलिस टीमें आगे की कार्रवाई में जुटी हैं।
बुलंदशहर पुलिस के अधिकारियों ने जानकारी दी कि दो जून को चोला रोड स्थित एक बंद पड़ी फैक्ट्री के बाहर नाले से विपिन का शव बरामद हुआ था। पुलिस के अनुसार, फैजान कुरैशी नाम के युवक ने अपने साथी जैद सैफी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है। दोनों ने विपिन की हत्या के बाद उसके शव को बोरे में भरकर बंद पड़ी फैक्ट्री के बाहर स्थित नाले में फेंक दिया था।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों ने हत्या के साथ विपिन का ई-रिक्शा भी छीन लिया था। लूट की इस घटना के दौरान ही विपिन की हत्या की गई थी। वारदात के बाद फैजान उस ई-रिक्शे को ठिकाने लगाने जा रहा था। इसी दौरान शुक्रवार देर रात पुलिस ने उसे घेर लिया। मुठभेड़ के दौरान फैजान का साथी भागने में सफल रहा, जबकि वह खुद पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया।
आरोपी के पास से ई-रिक्शा बरामद हुआ है। इसके अलावा, एक तमंचा और जिंदा कारतूस मिला है। सीओ भास्कर मिश्रा ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी फैजान ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। वहीं, बलिया के दोकती थाना क्षेत्र में पुलिस ने 25 हजार रुपए के वांछित अपराधी को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान उसके बाएं पैर में गोली लगी और फिलहाल उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एएसपी संजय वर्मा ने बताया, “शुक्रवार की रात को डोकाटी थाना क्षेत्र में एक वांटेड अपराधी, धीरज सिंह के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। एक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने डोकाटी डाला के पास के इलाके की घेराबंदी की गई थी। इस दौरान अपराधी ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के एक पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार करके इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। आरोपी के पास से हथियार भी बरामद हुआ है। उसके खिलाफ पहले से मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल, जांच टीम आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।”

