N1Live National उत्तराखंड : स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार का नया अवसर, पर्यटन विभाग देगा बर्ड वॉचिंग ट्रेनिंग
National

उत्तराखंड : स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार का नया अवसर, पर्यटन विभाग देगा बर्ड वॉचिंग ट्रेनिंग

उत्तराखंड के नैनीताल जिले में बर्ड टूरिज्म को नई गति मिलने जा रही है। पर्यटन विभाग अब स्थानीय युवाओं को बर्ड वॉचिंग की विशेष ट्रेनिंग देने की तैयारी में है, ताकि यहां आने वाले पर्यटकों को पक्षियों के बारे में सही और पूरी जानकारी मिल सके।

जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्य ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि इस वर्ष स्थानीय जनता, जो इस क्षेत्र से जुड़ी हुई है और जो शुरू से गाइड का काम करती आ रही है या बर्ड वॉचिंग और गाइड की ट्रेनिंग लेना चाहती है, को जिलाधिकारी के निर्देश पर बर्ड वॉचिंग की ट्रेनिंग दी जाएगी। इस क्षेत्र में जो युवा इच्छुक हैं, उन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि वे पर्यटकों को बेहतर तरीके से गाइड कर सकें।

कीर्ति चंद्र आर्य ने कहा कि नैनीताल क्षेत्र में लगभग साढ़े तीन सौ से ज्यादा पक्षियों की प्रजातियां पाई जाती हैं। यहां की रेंज काफी लंबी है और यहां अलग-अलग तरह के पक्षी देखने को मिलते हैं। लेकिन समस्या यह है कि यहां आने वाले पर्यटक सही जानकारी लेकर नहीं जाते हैं। उन्हें पक्षियों के नाम, उनकी विशेषता और उनके रहने के स्थान के बारे में पूरी जानकारी नहीं मिल पाती है। इसी कमी को दूर करने के लिए पर्यटन विभाग गाइड तैयार करेगा। प्रशिक्षण के बाद ये गाइड पर्यटकों को उस क्षेत्र के बारे में, वहां पाए जाने वाले पक्षियों के बारे में पूरी जानकारी दे सकेंगे। इससे पर्यटकों का अनुभव बेहतर होगा और वे नैनीताल की खूबसूरती को करीब से समझ सकेंगे।

उन्होंने बताया कि विभाग कोशिश कर रहा है कि यह प्रशिक्षण दिसंबर के दूसरे सप्ताह तक आयोजित कर लिया जाए। इसके लिए शीघ्र ही स्थानीय समाचार पत्रों में प्रेस नोट के माध्यम से आवेदन मांगे जाएंगे। जो भी इच्छुक स्थानीय गाइड, युवा या युवती इस कोर्स को करना चाहते हैं, वे इस प्रशिक्षण में भाग ले सकते हैं। यह प्रशिक्षण पूरी तरह से निःशुल्क होगा। इसमें आवेदक को आवास, भोजन और ट्रेनिंग फ्री ऑफ कॉस्ट दिए जाएंगे।

कीर्ति चंद्र आर्य ने कहा कि लगभग दस दिन का यह प्रशिक्षण होगा, जिसमें लगभग 25 से 30 प्रतिभागियों के भाग लेने की संभावना है।

–

Exit mobile version