N1Live National उत्तरकाशी पुलिस ने नशा तस्कर को किया गिरफ्तार, 794.50 ग्राम चरस जब्त
National

उत्तरकाशी पुलिस ने नशा तस्कर को किया गिरफ्तार, 794.50 ग्राम चरस जब्त

Uttarkashi police arrested a drug smuggler and seized 794.50 grams of hashish.

रधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए उत्तरकाशी पुलिस द्वारा नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान 794.50 ग्राम अवैध चरस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब 1.60 लाख रुपए बताई जा रही है

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जनपद में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। चारधाम यात्रा सीजन को देखते हुए यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और नशा तस्करों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल की शाम पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मानपुर रोड स्थित कुटेटी देवी मंदिर के पास कार्रवाई की। सटीक सूचना के आधार पर टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी कर एक संदिग्ध आर्टिका कार (यूके07बीएल 9719) को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन सवार विजय सिंह (38) के कब्जे से 794.50 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चारधाम यात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालु उत्तरकाशी से होकर गुजरते हैं। ऐसे में यात्रा मार्गों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए नशा कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

उत्तरकाशी पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 2026 में अब तक नशे के खिलाफ अभियान में 12 मामले दर्ज किए जा चुके हैं और 16 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान करीब 6.794 किलोग्राम चरस बरामद की गई है, जिसकी कीमत लगभग 13.5 लाख रुपए आंकी गई है। इसके अलावा, 18 ग्राम स्मैक भी जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 5.4 लाख रुपए बताई गई है। तस्करों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।

इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक जगत सिंह, हेड कांस्टेबल रंजीत, कांस्टेबल सुनील मठानी, कांस्टेबल दीपक चौहान और कांस्टेबल नीरज (एसओजी) की अहम भूमिका रही। टीम की सतर्कता और मुस्तैदी के चलते एक और तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उत्तरकाशी पुलिस ने यह स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा मार्गों पर चेकिंग और निगरानी आगे भी जारी रहेगी। नशे और अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Exit mobile version