N1Live National वंदे मातरम को मिलना चाहिए सर्वोच्च स्थान, पूरे गर्व से गाए देश: शाहनवाज़ हुसैन
National

वंदे मातरम को मिलना चाहिए सर्वोच्च स्थान, पूरे गर्व से गाए देश: शाहनवाज़ हुसैन

Vande Mataram should be accorded the highest place; the nation should sing it with immense pride: Shahnawaz Hussain.

11 जुलाई । भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने वंदे मातरम, बिहार विधानसभा उपचुनाव, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे और पंजाब कांग्रेस की स्थिति समेत कई मुद्दों पर अपनी पार्टी का पक्ष रखा।

शाहनवाज हुसैन ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि वंदे मातरम को सबसे पहले स्थान मिलना चाहिए और इसे पूरे सम्मान, गर्व तथा प्रेम के साथ गाया जाना चाहिए। वंदे मातरम गाने के संबंध में एडवाइजरी जारी की गई है। उनके अनुसार, बिहार में यह व्यवस्था पहले से लागू है और इसे अन्य स्थानों पर भी लागू किया जाएगा।

मध्य प्रदेश विधानसभा उपचुनाव के संदर्भ में दतिया सीट पर भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने के सवाल पर शाहनवाज हुसैन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में किसी भी नेता का टिकट पर व्यक्तिगत अधिकार नहीं होता और न ही किसी का टिकट काटा जाता है। पार्टी एक तय प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों का चयन करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि दतिया में भाजपा का उम्मीदवार भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगा।

बांकीपुर विधानसभा सीट का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि शुरुआत में अभिषेक बंटी को भाजपा उम्मीदवार बनाया गया था, लेकिन पारिवारिक कारणों से उन्होंने चुनाव लड़ने में असमर्थता जताई। इसके बाद पार्टी ने नीरज सिन्हा को उम्मीदवार घोषित किया। भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का उम्मीदवार बांकीपुर सीट पर भी भारी बहुमत से जीत हासिल करेगा।

पंजाब कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शाहनवाज़ हुसैन ने कहा कि कांग्रेस केवल दो गुटों में नहीं, बल्कि कई हिस्सों में बंट चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के फैसलों के खिलाफ पार्टी के भीतर ही विरोध हो रहा है। उनका कहना था कि पंजाब में कांग्रेस का भविष्य कमजोर है, जबकि भाजपा अपनी स्थिति मजबूत करेगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी विपक्ष के नेता की भूमिका को लेकर आपस में ही संघर्ष करती रह जाएंगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता ने इसे बेहद सफल बताया। उन्होंने कहा कि मेलबर्न क्रिकेट स्टेडियम में 30 हजार से अधिक लोगों की मौजूदगी प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक लोकप्रियता का प्रमाण है। उनके अनुसार, इस दौरे ने भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में शांति की अपील करते हुए दुनिया को युद्ध समाप्त करने का संदेश दिया।

Exit mobile version