N1Live Entertainment टीवी इंडस्ट्री में लेट पेमेंट पर भड़के वरुण बडोला, बोले- ‘मेहनताना समय पर मिलना जरूरी’
Entertainment

टीवी इंडस्ट्री में लेट पेमेंट पर भड़के वरुण बडोला, बोले- ‘मेहनताना समय पर मिलना जरूरी’

Varun Badola lashed out at the TV industry for late payments, saying, "It's important to get your wages on time."

30 मार्च । टीवी इंडस्ट्री लंबे समय से दर्शकों का मनोरंजन करती आ रही है, लेकिन इसके पीछे काम करने वाले कलाकारों और तकनीकी टीम को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इन परेशानियों में पेमेंट में देरी और लंबे वर्किंग आवर्स जैसी दिक्कतें शामिल हैं। ये समस्याएं नई नहीं हैं, लेकिन समय के साथ इन पर चर्चा जरूर तेज हुई है। अब इन पर अभिनेता वरुण बडोला ने खुलकर अपनी बात रखी है।

आईएएनएस से बात करते हुए वरुण बडोला ने टीवी इंडस्ट्री में होने वाली लेट पेमेंट की समस्या पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, ”किसी भी व्यक्ति को उसका मेहनताना समय पर मिलना चाहिए। यह एक सामान्य सा नियम है, जिसका पालन होना ही चाहिए। अगर कहीं कुछ गलत हो रहा है, तो उसे तुरंत सुधारा जाना चाहिए, क्योंकि यह सीधे तौर पर लोगों के जीवन और काम को प्रभावित करता है।”

जब आईएएनएस ने उनसे पूछा कि इस समस्या को दूर करने के लिए क्या कदम उठाए जाने चाहिए, तो वरुण बडोला ने थोड़ा निराशाजनक जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अगर इस दिशा में कुछ ठोस करना होता, तो अब तक किया जा चुका होता। इंडस्ट्री में इस मुद्दे पर लंबे समय से बात तो हो रही है, लेकिन ठोस बदलाव अभी भी देखने को नहीं मिल रहा है।

इसके अलावा, वरुण बडोला ने टीवी इंडस्ट्री में लंबे काम के घंटों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा, ”लगातार लंबे समय तक काम करना किसी के लिए भी सही नहीं है और इस पर गंभीरता से सोचने की जरूरत है। यह समस्या बार-बार सामने आती है, जिससे अब इसमें बदलाव लाना बेहद जरूरी हो गया है। अगर सही तरीके से काम किया जाए, तो कम समय में भी बेहतर गुणवत्ता का काम किया जा सकता है, बिना किसी के स्वास्थ्य पर असर डाले।”

इंडस्ट्री में आए बदलावों पर बात करते हुए वरुण बडोला ने कहा, ”इंडस्ट्री में कभी-कभी अनुशासन की कमी देखने को मिलती है। अगर सही योजना और अनुशासन के साथ काम किया जाए, तो बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। लेकिन फिलहाल ऐसा कम देखने को मिलता है, जिसके कारण काम का दबाव बढ़ता जाता है और संतुष्टि भी कम होती जाती है।”

वरुण बडोला ने कहा, ”भले ही आज के समय में काम का बोझ ज्यादा है और चुनौतियां भी बढ़ी हैं, लेकिन इंडस्ट्री में प्रतिभा की कमी नहीं है। मेरा मानना है कि सुपरस्टार्स हमेशा बनते रहेंगे, लेकिन इसके साथ-साथ जरूरी है कि काम करने का माहौल भी बेहतर बनाया जाए।’

Exit mobile version