N1Live Entertainment वत्सल-इशिता ने एयरपोर्ट पर 20 रुपए में खरीदी पानी की बोतल, बोले- ‘सरकार ने किया कमाल का काम’
Entertainment

वत्सल-इशिता ने एयरपोर्ट पर 20 रुपए में खरीदी पानी की बोतल, बोले- ‘सरकार ने किया कमाल का काम’

Vatsal and Ishita bought a bottle of water at the airport for Rs 20 and said, 'The government has done a wonderful job.'

मशहूर टेलीविजन कपल वत्सल शेठ और इशिता दत्ता सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और अक्सर साथ बिताए पलों की झलकियां शेयर करते रहते हैं। बुधवार को कपल ने एयरपोर्ट पर खाने-पीने की चीजें सस्ती करने के लिए सरकार को धन्यवाद दिया। इशिता ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें इशिता और वत्सल मुंबई एयरपोर्ट पर नजर आ रहे हैं। वीडियो में दोनों ‘उड़ान यात्री कैफे’ में जाते हैं। उन्होंने कैफे के बाहर लगे रेट-चार्ट को दिखाया, जिस पर चाय, कॉफी और समोसे जैसी खाने-पीने की चीजों की कीमतों के दाम लिखे हुए हैं।

वीडियो में देखा जा सकता है कि जहां वत्सल ने अपने लिए कॉफी ली, वहीं इशिता ने पानी की दो बोतलें खरीदीं, जिसके लिए उन्होंने मात्र 20 रुपए चुकाए। वीडियो में अभिनेता तारीफ करते हुए कहते हैं, “सरकार ने ये बहुत अच्छा काम किया है क्योंकि कई लोग शिकायत करते थे कि एयरपोर्ट की बेसिक जरूरतें भी बहुत महंगी होती हैं। इतनी कम कीमतों पर चीजें मिलना वाकई कमाल की बात है।”

अभिनेत्री ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, “क्या आपको पता है? उड़ान यात्री कैफे।” बता दें कि ‘उड़ान यात्री कैफे’ नागरिक उड्डयन मंत्रालय और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की एक अनूठी पहल है, जिसका उद्देश्य हवाई अड्डों पर यात्रियों को बहुत कम दामों में गुणवत्तापूर्ण और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना है। मार्च 2026 तक देश के 11 प्रमुख हवाई अड्डों पर इन्हें लॉन्च किया गया है, जहां 10-20 रुपए से शुरू होने वाले स्नैक्स मिलते हैं।

इस योजना का पहला कैफे दिसंबर 2024 में कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुरू हुआ था। इसके बाद इसे कोलकाता, पुणे, चेन्नई, अहमदाबाद, भुवनेश्वर, विजयवाड़ा, ईटानगर, हैदराबाद और लखनऊ (चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डा) जैसे शहरों में स्थापित किया गया है।

यह पहल एयरपोर्ट पर अत्यधिक महंगे खान-पान की शिकायतों को दूर करने और यात्रियों को एक बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए की गई है।

Exit mobile version