N1Live Entertainment विजय स्टारर ‘जन नायकन’ की स्क्रीनिंग स्थगित, रिलीज डेट के लिए फैंस को करना होगा इंतजार
Entertainment

विजय स्टारर ‘जन नायकन’ की स्क्रीनिंग स्थगित, रिलीज डेट के लिए फैंस को करना होगा इंतजार

Vijay starrer 'Jana Nayakan' screening postponed, fans will have to wait for the release date

10 मार्च । तमिल सिनेमा के सुपरस्टार विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई है। यह फिल्म कई वजहों से खास मानी जा रही है। एक तो यह लंबे समय से दर्शकों के बीच उत्सुकता का विषय बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर इसे विजय के फिल्मी करियर की आखिरी फिल्म भी बताया जा रहा है।

इसी कारण फैंस और फिल्म इंडस्ट्री दोनों की नजरें इस फिल्म पर टिकी हुई हैं। इस बीच फिल्म को लेकर एक नई जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि फिल्म की अहम स्क्रीनिंग पोस्टपोन कर दी गई है।

दरअसल, सोमवार को फिल्म की स्क्रीनिंग सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (सीबीएफसी) की रिवाइजिंग कमेटी के सामने होने वाली थी। यह स्क्रीनिंग इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही थी क्योंकि इसी के बाद फिल्म के सर्टिफिकेट को लेकर आगे का फैसला लिया जाना था। आईएएनएस को मिली जानकारी के अनुसार, यह स्क्रीनिंग फिलहाल के लिए स्थगित कर दी गई है।

बताया जा रहा है कि स्क्रीनिंग कमेटी के एक सदस्य की तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसके कारण इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाना पड़ा।

इस खबर के सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया भी दी। अभिनेता श्रीमन ने भी इस मामले पर अपनी बात रखी। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट का जवाब देते हुए कहा कि वह खुद भी इस फिल्म को बड़े पर्दे पर देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

उन्होंने लिखा, “एक फिल्म लवर के तौर पर मैं इस फिल्म को देखने के लिए उत्साहित हूं। इसमें बहुत से लोगों की मेहनत है। फिल्म आखिर कब रिलीज होगी, यह भगवान के हाथ में है।”

दरअसल, इस फिल्म की रिलीज पहले ही टल चुकी है। फिल्म को पहले इसी साल 9 जनवरी को पोंगल के मौके पर रिलीज करने की योजना थी, लेकिन जब फिल्म को सेंसर बोर्ड के पास भेजा गया तो उन्होंने मंजूरी नहीं दी। इसके बजाय फिल्म को दोबारा जांच के लिए रिवाइजिंग कमेटी के पास भेज दिया था। ऐसे में अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आखिर ‘जन नायकन’ को लेकर अगली बड़ी घोषणा कब होगी?

Exit mobile version