N1Live Entertainment इंटरनेशनल डेब्यू को तैयार विनीत रैना, फिल्म ‘ऑन डिफरेंट ग्राउंड्स’ से ग्लोबल मंच पर रखेंगे कदम
Entertainment

इंटरनेशनल डेब्यू को तैयार विनीत रैना, फिल्म ‘ऑन डिफरेंट ग्राउंड्स’ से ग्लोबल मंच पर रखेंगे कदम

Vineet Raina is all set for his international debut; he will step onto the global stage with the film 'On Different Grounds'.

4 अप्रैल । टेलीविजन के जाने माने अभिनेता विनीत रैना अंतर्राष्ट्रीय फिल्म ‘ऑन डिफरेंट ग्राउंड्स’ के जरिए ग्लोबल मंच पर कदम रखने जा रहे हैं। यह फिल्म जून महीने में थिएटर्स में रिलीज होने वाली है। अभिनेता का मानना है कि भारतीय कलाकारों को अंतर्राष्ट्रीय फिल्मों में एक बार जरूर काम करना चाहिए।

दरअसल, हाल ही में विनीत ने आईएएनएस के साथ खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अपनी आगामी फिल्म ‘ऑन डिफरेंट ग्राउंड्स’ में शामिल होने की पूरी प्रक्रिया बताई। उन्होंने कहा, जब प्रोड्यूसर और राइटर निखिल निधि ने मुझे इस फिल्म का कॉन्सेप्ट सुनाया, तो मैं तुरंत तैयार हो गया। मना करने का कोई कारण ही नहीं था। यह मेरी कला को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाने का शानदार मौका था। एक एक्टर के तौर पर मुझे लगता है कि ऐसे अवसरों को हमेशा हाथ से नहीं जाने देना चाहिए।

उन्होंने कहा, “इस फिल्म में घाना, दक्षिण अफ्रीका और यूएसए के कई प्रतिभाशाली अंतर्राष्ट्रीय कलाकार काम कर रहे हैं। मेरी को-स्टार अवीना, जो कि मिस यूएसए हैं। जब प्रोड्यूसर और राइटर निखिल निधि ने मुझे इस कहानी के बारे में बताया, तो मुझे इसे मना करने का कोई कारण नहीं लगा।”

आईएएनएस ने सवाल पूछा, “क्या भारतीय कलाकारों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ज्यादा मौके तलाशने चाहिए?” तो अभिनेता ने बिना झिझक के इस सवाल का जवाब देते हुए कहा, “बिल्कुल। एक कलाकार को कभी खुद को सीमित नहीं रखना चाहिए। भारतीय कलाकारों को विदेशों में बहुत सम्मान मिलता है और हमारे कंटेंट की भी दुनियाभर में अच्छी पहुंच है।”

उन्होंने कहा, “हमें सक्रिय रूप से अंतर्राष्ट्रीय कास्टिंग एजेंसियों से जुड़ना चाहिए और दुनियाभर में मौजूद मौकों को तलाशने चाहिए। रचनात्मकता का यह आदान-प्रदान हमें फिल्म-निर्माण की अलग-अलग शैलियां सीखने में मदद करता है और कलात्मक विकास को बढ़ावा देता है।”

अभिनेता ने भविष्य में अपनी ड्रीम भूमिका के बारे में बताया। उन्होंने कहा, “मेरा सपना है कि एक दिन मैं क्रिस्टोफर नोलन के साथ काम करूं, ऑस्कर स्टेज पर खड़े होकर भाषण दूं और अपनी इंडस्ट्री को ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर रिप्रेजेंट करूं।”

अभिनेता ने अपनी बात को खत्म करते हुए बताया कि उन्हें डायरेक्शन और कहानी कहने में बहुत रुचि है। उन्होंने कहा, “इन सालों में मैंने निर्देशकों के साथ रहकर बहुत कुछ सीखा है। कोरोना महामारी के समय मैंने सिर्फ अपने फोन से बिना किसी उपकरण के एक शॉर्ट फिल्म बनाई थी। इंडस्ट्री में उसकी काफी तारीफ हुई थी। भविष्य में मैं डायरेक्शन और प्रोडक्शन में कदम रखना चाहता हूं और कुछ अलग और नई चीज बनाना चाहता हूं।”

Exit mobile version