N1Live National मुंबई के मालाड पूर्व में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग
National

मुंबई के मालाड पूर्व में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग

Violent clash between two groups in Malad East, Mumbai; police use mild force.

5 अप्रैल । मुंबई के मालाड पूर्व स्थित दिंडोशी पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत संतोष नगर मार्केट में रविवार को दो गुटों के बीच अचानक हिंसक झड़प और मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हाथापाई और मारपीट में बदल गया। घटना की सूचना मिलते ही दिंडोशी पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत करने का प्रयास किया। हालांकि, भीड़ के उग्र होने और पुलिस की चेतावनी को नजरअंदाज करने के कारण स्थिति बिगड़ती चली गई।

जानकारी के अनुसार, हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश का माहौल है। इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।

घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व भाजपा पार्षद विनोद मिश्रा ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर हमला किया। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण रूप से जब घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा था, तब पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया। यहां तक कि एक नाबालिग, जिसकी उम्र 18 वर्ष से कम है, को भी पुलिस ने पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके फ्रैक्चर होने की भी जानकारी सामने आई है।”

डीसीपी महेश चिमटे ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि जो भी लोग इस घटना में दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कोई भी दोषी बच नहीं पाएगा। घायल व्यक्ति फिलहाल अस्पताल में भर्ती है। हम जल्द ही उसका आधिकारिक बयान दर्ज करेंगे। घायल व्यक्ति इस घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान करके उनके नाम बताएगा, जिसके आधार पर हम आगे की कार्रवाई करेंगे। मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूँ कि वे शांति बनाए रखें। कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। हम पूरी निष्पक्षता और गंभीरता से इस मामले की जांच कर रहे हैं और दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version