N1Live Entertainment जुबीन गर्ग को याद कर भावुक हुए विशाल ददलानी, बोले- ‘उनके जैसा स्टारडम मैंने कभी नहीं देखा’
Entertainment

जुबीन गर्ग को याद कर भावुक हुए विशाल ददलानी, बोले- ‘उनके जैसा स्टारडम मैंने कभी नहीं देखा’

Vishal Dadlani gets emotional remembering Zubeen Garg, says, 'I have never seen stardom like his'

25 अप्रैल । म्यूजिक की दुनिया में कुछ कलाकार ऐसे होते हैं, जो सिर्फ अपने गानों की वजह से नहीं बल्कि अपने व्यक्तित्व और अंदाज की वजह से हमेशा याद किए जाते हैं। भारतीय संगीत जगत में जुबीन गर्ग भी एक ऐसा ही नाम रहे हैं। अपनी अलग आवाज, और शानदार परफॉर्मेंस की वजह से उन्होंने लाखों लोगों के दिलों में खास जगह बनाई। उनके अचानक निधन ने फैंस को गहरा झटका दिया। आज भी उनके गाने और उनसे जुड़ी यादें लोगों को भावुक कर देती हैं। हाल ही में म्यूजिक रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल’ के मंच पर भी कुछ ऐसा ही पल देखने को मिला, जब म्यूजिक कंपोजर और सिंगर विशाल ददलानी ने जुबीन गर्ग को याद करते हुए अपनी भावनाएं साझा कीं।

शो के दौरान विशाल ददलानी ने जुबीन गर्ग को याद करते हुए कहा, ”वह सच में बेहद खास कलाकार थे। मैंने उनके जैसा स्टारडम कभी नहीं देखा। जब मैंने अपने करियर की शुरुआत की थी, तभी से मैं जुबीन गर्ग को जानता था। उस समय जुबीन मेरे लिए एक प्रेरणा की तरह थे। कभी-कभी यह सोचकर बहुत बुरा लगता है कि अब जुबीन इस दुनिया में नहीं हैं। उनका जाना हमारे लिए एक निजी क्षति की तरह है।”

शो में जज के तौर पर मौजूद बादशाह ने भी विशाल की बात से सहमति जताई। बादशाह ने कहा, ”अगर किसी कलाकार को सही मायनों में ‘इंडियन आइडल’ कहा जा सकता है, तो वह जुबीन गर्ग हैं। जुबीन ने अपनी कला और अपने अंदाज से लोगों के दिलों में ऐसी जगह बनाई थी, जिसे भुलाना आसान नहीं है।”

इसी दौरान शो के कंटेस्टेंट मनराज ने मंच पर एक खास प्रस्तुति दी। उन्होंने फिल्म ‘आशिकी’ के मशहूर गाने ‘अब तेरे बिन जी लेंगे हम’ और फिल्म ‘गैंगस्टर’ के लोकप्रिय गीत ‘या अली’ का मेडले गाया। उनकी प्रस्तुति ने माहौल को पूरी तरह भावुक बना दिया।

मनराज की परफॉर्मेंस सुनने के बाद विशाल ददलानी काफी भावुक हो गए। उन्होंने कहा, “मनराज की आवाज और गाने के अंदाज ने जुबीन गर्ग की याद दिला दी। उनकी आवाज में वही गहराई और एहसास महसूस हुआ, जो जुबीन गर्ग के गानों में हुआ करता था।”

बता दें कि जुबीन गर्ग का निधन 19 सितंबर को हुआ था। जानकारी के अनुसार, वह सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान हादसे का शिकार हो गए थे। हादसे के बाद सिंगापुर पुलिस ने उन्हें समुद्र से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया था, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

Exit mobile version