नागा चैतन्य की आने वाली माइथोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म ‘वृषकर्मा’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। निर्देशक कार्तिक दांडू की इस फिल्म के ट्रेलर में रहस्य, रोमांच और पौराणिक शक्तियों की झलक देखने को मिलती है।
ट्रेलर की शुरुआत 5,000 साल पुरानी एक रहस्यमयी अलौकिक शक्ति से होती है। कहानी पहले खजाने की तलाश में निकले एक शख्स के सफर के रूप में आगे बढ़ती है, लेकिन धीरे-धीरे यह एक प्राचीन शक्ति के बड़े रहस्य में बदल जाती है।
नागा चैतन्य फिल्म में बिल्कुल नए अंदाज में नजर आ रहे हैं। वह खजाने की तलाश में निकले एक शख्स के किरदार में हैं। कहानी में वैदिक ज्ञान और ऐसी शक्तियों का पहलू भी सामने आता है, जिन्हें आम इंसान की सोच से परे बताया गया है। ट्रेलर के आखिर में नायक ‘वृषकर्मा’ में बदल जाता है। वह सृष्टि के धर्म की रक्षा की जिम्मेदारी उठाने वाली एक दिव्य शक्ति बन जाता है।
नागा चैतन्य ने अपने एक्स अकाउंट पर ट्रेलर का लिंक शेयर किया। इसके साथ उन्होंने लिखा, ”यह रहा ‘वृषकर्मा’ का ट्रेलर, मैं आप सभी के साथ इसे साझा करने का लंबे समय से इंतजार कर रहा था। मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि मुझे इतनी बड़ी और खास फिल्म का हिस्सा बनने का मौका मिला। यह फिल्म मेरे दिल के बेहद करीब है और मैं चाहता हूं कि आप इसे बड़े पर्दे पर देखें। मेरी आप सभी से गुजारिश है कि फिल्म को बेहतरीन साउंड और विजुअल उपकरणों के साथ देखने का अनुभव लें। देरी के लिए मैं दिल से माफी मांगता हूं। आपके धैर्य और साथ के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।”
फिल्म दुनियाभर के सिनेमाघरों में 4 दिसंबर को रिलीज होगी। इससे पहले मेकर्स ने अभिनेता जयराम के किरदार का भी खुलासा किया था। वह फिल्म में प्रोफेसर रंगनाथ की भूमिका निभा रहे हैं। इस साल की शुरुआत में फिल्म के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से जयराम का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी किया गया था। पोस्टर के साथ मेकर्स ने लिखा था, ”उनका जुनून कोई कमी नहीं था, बल्कि सही दिशा दिखाने वाला रास्ता था। पेश हैं भारत के बेहतरीन कलाकारों में से एक जयराम, जो ‘वृषकर्मा’ में प्रोफेसर रंगनाथ की भूमिका निभा रहे हैं।”
फिल्म का टाइटल पिछले साल नागा चैतन्य के जन्मदिन पर जारी किया गया था। इसी मौके पर उनका फर्स्ट लुक पोस्टर भी सामने आया था। कार्तिक दांडू के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को बीवीएसएन प्रसाद और सुकुमार बड़े स्तर पर प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण श्री वेंकटेश्वर सिने चित्रा एलएलपी और सुकुमार राइटिंग्स के बैनर तले हो रहा है।
फिल्म में मीनाक्षी चौधरी मुख्य अभिनेत्री की भूमिका में हैं, जबकि ‘लापता लेडीज’ फेम स्पर्श श्रीवास्तव भी एक अहम किरदार में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी निर्देशक सुकुमार ने लिखी है। नील डी कुन्हा ने सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी संभाली है, जबकि संगीत अजानेश लोकनाथ ने तैयार किया है। एडिटिंग का काम राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता नवीन नूली ने किया है। फिल्म का आर्ट डायरेक्शन श्री नागेंद्र तंगाला ने संभाला है, जो इससे पहले नागा चैतन्य की फिल्म ‘थंडेल’ से भी जुड़े थे।
