चंडीगढ़, 2 जुलाई, 2025: पंजाब से नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर चलाए गए नशे के विरुद्ध युद्ध के 123 दिन पूरे होने पर पंजाब पुलिस ने बुधवार को 156 नशा तस्करों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से 7.8 किलो हेरोइन, 3 किलो अफीम और 1.43 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की। इसके साथ ही, 123 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 20,206 तक पहुंच गई है।
यह अभियान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव के निर्देश पर राज्य के सभी 28 पुलिस जिलों में एक साथ चलाया गया।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस आयुक्तों, उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए कहा है।
पंजाब सरकार ने नशों के खिलाफ लड़ाई की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय कैबिनेट उप समिति का गठन भी किया है।
विशेष डीजीपी कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 91 राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में 1500 से अधिक पुलिसकर्मियों वाली 220 से अधिक पुलिस टीमों ने राज्य भर में 477 स्थानों पर छापेमारी की है, जिसके परिणामस्वरूप राज्य भर में 104 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों ने दिन भर चले अभियान के दौरान 483 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की है।
विशेष डीजीपी ने कहा कि राज्य सरकार ने राज्य से नशीले पदार्थों के उन्मूलन के लिए तीन-आयामी रणनीति – प्रवर्तन, नशामुक्ति और रोकथाम (ईडीपी) – को लागू किया है, पंजाब पुलिस ने ‘नशामुक्ति’ के हिस्से के रूप में आज 59 व्यक्तियों को नशामुक्ति और पुनर्वास उपचार के लिए राजी किया है।