N1Live National बिहार में सुशासन की लहर, आत्मनिर्भर भारत का संकल्प : संजय सेठ
National

बिहार में सुशासन की लहर, आत्मनिर्भर भारत का संकल्प : संजय सेठ

Wave of good governance in Bihar, resolve for self-reliant India: Sanjay Seth

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बिहार की बदलती तस्वीर का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार के लोग सुशासन में भरोसा रखते हैं और एनडीए एक स्वाभाविक विकल्प बनकर उभरी है।

रांची में दीपावली के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बिहार के जंगलराज के अंधेरे दौर की तुलना वर्तमान सुशासन से की और कहा कि बिहारवासियों ने विकास का नया अध्याय लिखा है।

संजय सेठ ने कहा, “मैं कई दिनों से बिहार में हूं और चुनाव प्रचार में व्यस्त हूं। आज दीपावली के लिए रांची आया हूं, लेकिन कल फिर बिहार लौटूंगा। बिहार के लोग आज खुश हैं और जंगलराज के भयावह दौर को याद कर सुशासन की तुलना करते हैं। पुरानी पीढ़ी ने लाठी-डंडे, जबरन वसूली, और गरीबों के संघर्ष को देखा है। उस समय नई गाड़ियां शोरूम से बिना पैसे के निकाल ली जाती थीं, महिलाएं शाम पांच बजे के बाद सुरक्षित नहीं थीं, गांवों में सन्नाटा और आतंक का माहौल था। सड़कों और बिजली की स्थिति बद से बदतर थी।”

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की बदली तस्वीर का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “आज बिहार में सड़कों का जाल विकसित राज्यों की श्रेणी में आता है। पहले बिहारी होने में शर्मिंदगी महसूस होती थी, लेकिन अब बिहारवासियों को गर्व है। यह विकास की सुनामी है, जो प्रचंड बहुमत के साथ एनडीए को बिहार में दो-तिहाई सीटें दिलाएगी। जिन्हें न चुनाव आयोग, न ईवीएम, न सीबीआई पर भरोसा है, उन्हें बिहार की जनता इस बार धूल चटाएगी।”

दीपावली के पावन अवसर पर संजय सेठ ने आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा, “इस बार की दीपावली खास है। पूरे देश में लोगों ने स्वदेशी उत्पादों को अपनाया। देर रात तक दुकानों में भीड़ रही। जीएसटी सुधारों और बचत महोत्सव ने इस दीपावली को और खास बनाया। यह दीपावली रोशनी, खुशियां और राष्ट्र प्रथम की भावना लेकर आई है।

उन्होंने देशवासियों से स्वदेशी अपनाने और स्वस्थ जीवन के साथ आगे बढ़ने की अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के स्वदेशी संकल्प ने धनतेरस और दीपावली को मील का पत्थर बना दिया। यह नया भारत और स्वदेशी भारत है।

Exit mobile version