N1Live Entertainment जुड़वां बच्चों के माता-पिता बनने पर रामचरण और उपासना बोले, हम धन्य हुए
Entertainment

जुड़वां बच्चों के माता-पिता बनने पर रामचरण और उपासना बोले, हम धन्य हुए

We are blessed, say Ram Charan and Upasana on becoming parents of twins

फिल्म आरआरआर फेम अभिनेता राम चरण की पत्नी उपासना कोनिडेला ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया है। इनमें एक बेटा और एक बेटी है। रामचरण के पिता और सुपरस्टार चिरंजीवी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी। इस मौके पर राम चरण और उपासना ने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

साल 2023 में राम चरण और उपासना की पहली संतान बेटी क्लिन कारा कोनिडेला पैदा हुई थी। उपासना ने अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी अक्टूबर 2025 में घोषित की थी।

राम चरण ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “तीन बच्चों का आशीर्वाद मिलना मुझे बहुत कृतज्ञ महसूस कराता है। मैं अपने सभी प्रशंसकों, प्रियजनों और शुभचिंतकों का दिल से आभारी हूं, जो हर पल हमारे साथ खड़े रहे और हमें सपोर्ट दिया।”

उपासना ने भावुक होकर कहा, “आज मैं तीन बच्चों की मां बनकर बहुत धन्य महसूस कर रही हूं, ठीक वैसा ही जैसा हमने सोचा था। हमारी कोशिश रहेगी कि हम बच्चों की परवरिश ऐसे करें जो मजबूत भी हों और विनम्र भी। उन्हें पता हो कि विशेषाधिकार के साथ जिम्मेदारी भी आती है।”

एक बार फिर दादा बने चिरंजीवी ने पोस्ट किया, “अत्यंत खुशी और कृतज्ञता से भरे दिल के साथ हमें यह बताने में खुशी हो रही है कि राम चरण और उपासना को जुड़वां बच्चों का आशीर्वाद प्राप्त हुआ है।”

पोस्ट में लिखा कि यह परिवार के लिए बड़ी खुशी का पल है। उन्होंने सभी के प्रार्थना, प्यार और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही बताया कि मां और बच्चे एकदम स्वस्थ हैं। उन्होंने लिखा कि वे दादा-दादी बनकर बहुत खुश हैं और इसे ईश्वरीय आशीर्वाद मानते हैं। यह परिवार के लिए बहुत खास और खुशी भरा पल है। चिरंजीवी के सोशल मीडिया पोस्ट पर बॉलीवुड और फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियों ने खुशी जताते हुए बधाई दी।

फिल्म ‘आरआरआर’ के सह कलाकार जूनियर एनटीआर ने कोनिडेला परिवार को परिवार में नए सदस्य के आगमन पर प्यार, स्वास्थ्य और खुशी की शुभकामनाएं दीं। जूनियर एनटीआर ने एक्स पोस्ट किया, रामचरण और उपासना को जुड़वां बच्चों के जन्म पर हार्दिक बधाई। परिवार को प्यार, स्वास्थ्य और खुशियों की शुभकामनाएं।”

जैकी श्रॉफ की पत्नी आयशा श्रॉफ ने कमेंट में चिरंजीवी और पूरे परिवार को जुड़वां बच्चों की खुशखबरी पर बधाई दी। अमेरिकी रैपर और सिंगर राजा कुमारी ने बधाई देते हुए कहा कि अब तक की सबसे अच्छी खबर है। वहीं, एक्ट्रेस करुणा भूषण, एक्टर अधीर और कई अन्य सितारों ने शुभकामनाएं दीं।

Exit mobile version