April 3, 2026
National

नासिक के सिन्नर में बदला मौसम का मिजाज, गर्मी की जगह बारिश और कोहरा

Weather changes in Sinnar, Nashik; heat replaced by rain and fog

3 अप्रैल । नासिक जिले के सिन्नर इलाके में इन दिनों मौसम ने अचानक यू-टर्न ले लिया है। अप्रैल का महीना आमतौर पर तेज गर्मी के लिए जाना जाता है, लेकिन यहां पिछले तीन दिनों से लगातार बेमौसम बारिश हो रही है। इस बारिश ने पूरे इलाके का मौसम ही बदलकर रख दिया है।

शुक्रवार सुबह सिन्नर का पूरा इलाका घने कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। आमतौर पर ऐसा नजारा सर्दियों में देखने को मिलता है, लेकिन गर्मी के मौसम में कोहरा छा जाना लोगों के लिए किसी अचरज से कम नहीं था। सुबह जब लोग अपने घरों से बाहर निकले, तो चारों तरफ धुंध ही धुंध दिखाई दे रही थी। खेत, पहाड़ियां, सड़कें सब कुछ कोहरे से ढका हुआ था। विजिबिलिटी भी काफी कम हो गई थी, जिससे वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने अप्रैल में ऐसा मौसम पहले कभी नहीं देखा। लगातार हो रही बारिश और बादलों की वजह से तापमान में गिरावट आई है, जिससे गर्मी का असर काफी कम हो गया है। दिन में भी धूप पूरी तरह नहीं निकल रही, जिससे मौसम सुहावना तो लग रहा है, लेकिन ये बदलाव थोड़ा असामान्य जरूर है।

किसानों के लिए ये मौसम थोड़ा चिंता भरा भी है। जहां एक ओर बारिश से कुछ फसलों को फायदा हो सकता है, वहीं दूसरी ओर ज्यादा नमी और कोहरे की वजह से खड़ी फसलों को नुकसान होने का खतरा भी बढ़ गया है। खासकर जो फसलें कटाई के लिए तैयार हैं, उनके लिए ये मौसम ठीक नहीं माना जा रहा।

मौसम विभाग की मानें तो आने वाले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है। हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना जताई जा रही है। तापमान भी सामान्य से कम रहने की उम्मीद है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

Leave feedback about this

  • Service