N1Live National पश्चिम बंगाल उपचुनाव : कांग्रेस ने घोषित किए उम्मीदवार, रेजीनगर से अब्दुल्लाहिल काफी और नंदीग्राम से मिलन प्रधान को टिकट
National

पश्चिम बंगाल उपचुनाव : कांग्रेस ने घोषित किए उम्मीदवार, रेजीनगर से अब्दुल्लाहिल काफी और नंदीग्राम से मिलन प्रधान को टिकट

West Bengal By-elections: Congress announces candidates; tickets awarded to Abdullahil Kafi for Rejinagar and Milan Pradhan for Nandigram.

कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव 2026 के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दो सीटों पर उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दी है।

एआईसीसी से जारी सूची के मुताबिक 70-रेजीनगर विधानसभा सीट से मोहम्मद अब्दुल्लाहिल काफी को कांग्रेस का अधिकृत प्रत्याशी बनाया गया है, जबकि 210-नंदीग्राम की हाई-प्रोफाइल सीट से मिलन प्रधान को मैदान में उतारा गया है।

रेजीनगर मुर्शिदाबाद जिले की अहम सीट मानी जाती है, जहां अल्पसंख्यक मतदाताओं की निर्णायक भूमिका रहती है। मोहम्मद अब्दुल्लाहिल काफी स्थानीय स्तर पर सक्रिय नेता माने जाते हैं और संगठन में उनकी पकड़ मजबूत है। कांग्रेस ने इस सीट पर मुस्लिम चेहरे पर दांव खेलकर सामाजिक समीकरण को साधने की कोशिश की है।

वहीं, नंदीग्राम पूरे राज्य की सबसे चर्चित सीटों में से एक है। यह वही सीट है जहां 2021 में ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी के बीच कड़ा मुकाबला हुआ था। इस बार उपचुनाव में कांग्रेस ने मिलन प्रधान को प्रत्याशी बनाकर मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की तैयारी की है। मिलन प्रधान युवा चेहरा हैं और पूर्व मेदिनीपुर में कांग्रेस के संगठन को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है, लेकिन कांग्रेस और वाम मोर्चा गठबंधन भी अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने की कोशिश में है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, पार्टी जल्द ही प्रचार अभियान तेज करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभंकर सरकार ने दोनों उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव लड़ने की अपील की है।

Exit mobile version