N1Live National पश्चिम बंगाल विकास के रास्ते पर चलेगा, भाजपा सरकार तय : रोहन गुप्ता
National

पश्चिम बंगाल विकास के रास्ते पर चलेगा, भाजपा सरकार तय : रोहन गुप्ता

West Bengal will follow the path of development, BJP government is certain: Rohan Gupta

10 अप्रैल । पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने शुक्रवार को घोषणा पत्र जारी कर दिया। भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने कहा कि पश्चिम बंगाल विकास के रास्ते पर चलेगा और भाजपा की सरकार बनेगी।

अहमदाबाद में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने अमित शाह द्वारा जारी किए गए घोषणा पत्र पर कहा कि यह पश्चिम बंगाल के विकास के लिए एक संतुलित घोषणा पत्र है। इसमें 7वें वेतन आयोग, घुसपैठियों के खिलाफ कार्रवाई, बंगालियों को उनके अधिकार देना और आयुष्मान योजना को लागू करना शामिल है। महिलाओं को आर्थिक तौर पर सहायता करने के लिए हर माह 3 हजार रुपए देने का बड़ा वादा किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा वही करती है जो कहती है। ये मनगढ़ंत बातें नहीं हैं, बल्कि ठोस योजनाएं हैं जिन्हें समय पर लागू किया जाएगा।

रोहन गुप्ता ने कहा कि पश्चिम बंगाल, जो कभी देश की रीढ़ और विकास का इंजन हुआ करता था, पिछले 50 वर्षों में अलग-अलग सरकारों द्वारा शोषित हुआ है। भाजपा का एकमात्र लक्ष्य बंगाल की गरिमा को बहाल करना और उसे फिर से विकास के रास्ते पर लाना है, ताकि वह देश के विकास में अपना योगदान बढ़ा सके। यह संकल्प पत्र उसी दिशा में उठाया गया एक कदम है। जैसे ही भाजपा की सरकार बनेगी, इस घोषणा को समयबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। यह केवल एक घोषणा नहीं, बल्कि बजट के आधार पर की गई ठोस प्रतिबद्धता है।

अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर में पाकिस्तान के दावों पर तंज कसते हुए भाजपा नेता ने कहा कि पाकिस्तान की ये हालत है कि उनके पास खाने के लिए पैसे नहीं हैं, भीख मांगकर देश चल रहा है। उनके और अफगानिस्तान के बीच युद्ध चल रहा है, फिर भी वे बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हमारे देश में विपक्षी दल पाकिस्तान के साथ खड़े दिख रहे हैं। आज भी कांग्रेस पार्टी उनके मीडिया चैनलों पर सुर्खियां बटोर रही है। कांग्रेस पार्टी को जवाब देना चाहिए कि उन्हें हमारे लोगों से ज्यादा पाकिस्तान पर भरोसा है। क्या वे पाकिस्तान के साथ खड़े होंगे। दुनिया में कोई पाकिस्तान पर भरोसा नहीं करता, लेकिन कांग्रेस पार्टी उस पर भरोसा करती है।

कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार के बयान पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की आदत बन चुकी है कि गुजरात का अपमान करो और अपनी राजनीति चलाओ। कांग्रेस के लोग एक राज्य को दूसरे राज्य से लड़ाने की बात क्यों कर रहे हैं। अपने मुद्दों पर बात करें। उन्हें पता है कि वे बुरी तरह हारने वाले हैं, इसलिए कुछ वोट पाने के लिए जो कुछ भी करना पड़े, वे कर रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि इस तरह की नफरत से मिलने वाले वोट उन्हें बचा पाएंगे।

Exit mobile version