N1Live National ‘जो कहा, सो किया’, ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के शुभारंभ से पहले बोलीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
National

‘जो कहा, सो किया’, ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के शुभारंभ से पहले बोलीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

"What was promised has been delivered," said Chief Minister Rekha Gupta ahead of the launch of the 'Delhi Lakshmi Yojana'.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली की भाजपा सरकार अपना एक और वादा पूरा करने जा रही है। बुधवार को दिल्ली की महिलाओं के लिए ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ की शुरुआत होगी। इससे पहले सीएम रेखा ने कहा कि जो कहा, सो किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ‘लक्ष्मी योजना’ के उद्घाटन कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “जो कहा, सो किया। 2500 का वादा पूरा।”

सीएम रेखा गुप्ता बुधवार को तालकटोरा स्टेडियम में एक खास कार्यक्रम में ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के तहत लगभग 4,000 महिला लाभार्थियों को आधिकारिक पत्र बांटेंगी। योजना के तहत दिल्ली की महिलाओं के खाते में ढाई-ढाई हजार रुपए प्रति महीने भेजे जाएंगे।

इससे पहले 23 अगस्त को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा, “दिल्ली लक्ष्मी योजना का मकसद रोजमर्रा की जिंदगी में अधिक आर्थिक मजबूती, अधिक आत्मविश्वास और अधिक स्वतंत्रता जोड़ना है। पूरी दिल्ली में महिलाओं का जबरदस्त उत्साह दिखाता है कि यह पहल उनकी उम्मीदों से कितनी गहराई से जुड़ी है। उनका भरोसा ही हमारा आशीर्वाद है और काम करने के लिए हमारी सबसे बड़ी प्रेरणा है।”

आंकड़ों के अनुसार, अब तक, 6.52 लाख महिलाओं ने 2,500 रुपए की मासिक आर्थिक सहायता पाने के लिए अपने अंतिम आवेदन जमा कर दिए हैं। आधिकारिक वेबसाइट पर दस्तावेजी सबूत जमा करने के अलग-अलग चरणों में महिलाओं के 9.13 लाख रजिस्ट्रेशन दर्ज किए गए हैं।

गौरतलब है कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले दिल्ली की महिलाओं के लिए हर महीने 2,500 रुपए की आर्थिक सहायता की घोषणा की थी। 27 साल के लंबे अंतराल के बाद 2025 में दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी। लगभग डेढ़ साल के बाद दिल्ली सरकार इस योजना का शुभारंभ कर रही है।

Exit mobile version