Entertainment

जब आमिर खान ने ठुकरा दिया था ‘लगान’ का आइडिया, आशुतोष गोवारिकर ने सुनाया दिलचस्प किस्सा

फिल्ममेकर आशुतोष गोवारिकर गोवा में चल रहे 55वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (इफ्फी) में फरहान अख्तर और मधुर भंडारकर के साथ नजर आए। इस दौरान उन्होंने बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान के बारे में एक दिलचस्प किस्सा सुनाया।

फिल्ममेकर ने बताया कि जब उन्होंने आमिर खान को फिल्म ‘लगान’ का आइडिया सुनाया था, तो आमिर का रिएक्शन क्या था। उन्होंने बताया, “ये काफी मुश्किल था, क्योंकि आमिर को पकड़ने में ही मुझे डेढ़ साल लग गए। जब मैंने उन्हें कहानी का आइडिया दिया, तो उन्होंने उसे पूरी तरह से खारिज कर दिया, क्योंकि ये आइडिया ही अजीब था।”

उन्होंने आगे कहा, “अगर मैं आज भी आपको ऐसी कहानी सुनाऊं कि गांव में धोती पहने 11 लोग क्रिकेट खेलेंगे और अंग्रेजों के खिलाफ लगान नहीं देने के लिए खेलेंगे, वो भी 1893 में, जब ऐसे जॉनर थे ही नहीं। तब कोई स्पोर्ट्स ड्रामा नहीं बनता था। आप गांव पर फिल्म नहीं बना सकते थे। आप किसी बड़े कमर्शियल हीरो को लेकर उसके बाल कटवाकर, उसका हेयरस्टाइल बदलकर, उसे फिल्म में धोती नहीं पहना सकते थे। इसलिए मैं आमिर के पहले वाले डर को पूरी तरह समझता हूं।”

फिल्ममेकर ने बताया कि आमिर से मिलने के बाद उन्होंने अपनी स्क्रिप्ट में कुछ बदलाव किए और फिर जाकर दोबारा सुनाई। उन्होंने कहा, “मुझे एहसास हुआ है कि आमिर को इस स्क्रिप्ट के बारे में जानने की जरूरत है। इसलिए मैं वापस गया और पूरी स्क्रिप्ट लिखी, फिर जाकर उन्हें डिटेल में कहानी सुनाई। जब मैं दोबारा उनके पास गया, तो मैंने उनसे कहा कि मेरे पास एक स्क्रिप्ट है, जो मैं उन्हें सुनाना चाहता हूं और उन्होंने मुझसे कहा कि ठीक है, सुनाओ।”

फिल्ममेकर ने यह भी बताया कि आमिर को स्क्रिप्ट सुनाने से पहले उन्होंने फिल्म का नाम नहीं बताया था।

उन्होंने कहा, “आमिर को पता था कि हमारी पिछली फिल्म ‘बाजी’ नहीं चली थी, तो उन्होंने मुझे कहा था, ‘ठीक है, मैं तुम्हें थोड़ा समय दे सकता हूं’, लेकिन ये बताओ कहीं तुम मुझे वही स्क्रिप्ट तो दोबारा नहीं सुनाने वाले हो? धोती, लगान, चंपानेर और वो सब।’ मैंने कहा, ‘हां, वही वाली है।’ उन्होंने कहा, ‘मुझे ये नहीं सुननी है।’ मैंने कहा, ‘रुको एक मिनट बस अपनी जिंदगी के तीन घंटे मुझे दे दो। उसके बाद, अगर तुम मना भी कर दो, तो भी बस एक बार सुन तो लो’ तो उन्हें मेरे जोश, मेरे उत्साह में काफी दम लगा कि मैं फिर से 3 घंटे तक पूरी डायलॉग वाली स्क्रिप्ट सुनाना चाहता हूं और उसी ने बाजी पलट दी। उन्होंने सुनी। उनकी आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने वो सब महसूस किया। वो हंसे। और उन्होंने कहा, ‘पक्का, मैं अब ये फिल्म करना चाहता हूं।'”

Exit mobile version