April 2, 2026
Entertainment

जब ‘डॉन’ के सेट पर अमिताभ बच्चन की वजह से जीनत अमान को झेलनी पड़ी थी परेशानी

When Amitabh Bachchan caused Zeenat Aman trouble on the sets of ‘Don’

2 अप्रैल । साल 1978 में आई कल्ट क्लासिक एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘डॉन’ को भूल पाना मुश्किल ही नहीं, नामुमकिन है क्योंकि आज भी फिल्म के तीसरे सीक्वल ‘डॉन-3’ को बनाने की चर्चा जारी है।

हालांकि मूल फिल्म को टक्कर दे पाना आज के समय में मुश्किल होगा क्योंकि जो गंभीरता और हास्य से उस फिल्म के किरदार निभाए गए थे, उन्हें दोबारा फिल्माना मुश्किल होगा, लेकिन क्या आप जानते हैं कि उसी कल्ट क्लासिक फिल्म के सेट पर अमिताभ बच्चन की वजह से जीनत अमान को मुश्किलों का सामना करना पड़ा था?

फिल्म ‘डॉन’ में काम करना जीनत अमान के लिए वैसे तो मुश्किलों भरा नहीं था क्योंकि वो पहले भी अमिताभ बच्चन और इसी क्रू के साथ काम कर चुकी थी, लेकिन फिल्म में फिल्माए गए एक सीन ने उनकी हालत खराब कर दी थी। फिल्म का वो सीन आपको याद होगा, जिसमें घायल डॉन को रोमा नर्स बनकर भागने में मदद करती है। उस सीन में जीनत को अभिनेता को व्हीलचेयर पर लेकर भागना था, लेकिन उस खराब व्हीलचेयर पर हट्टे-कट्टे अमिताभ को ढोकर ले जाना एक्ट्रेस के लिए मुश्किल रहा। खुद जीनत अमान ने इस बात का खुलासा किया है।

अभिनेत्री ने ‘डॉन’ का वीडियो पोस्ट कर उस सीन का जिक्र किया। उन्होंने लिखा, मिस्टर बच्चन के भारी वजन के साथ वो पुरानी सी व्हीलचेयर चलाना बहुत मुश्किल था। मुझे अपने चेहरे पर कोई भाव नहीं दिखाना था, जबकि असल में मुझे उसे धकेलने के लिए पूरी ताकत लगानी पड़ रही थी।

इसके साथ ही जीनत ने इस बात का भी खुलासा किया कि उन्होंने फिल्म ‘डॉन’ के लिए ‘हां’ क्यों की। अभिनेत्री के मुताबिक, उन्हें हमेशा से निडर, साहसी और स्मार्ट महिला का किरदार निभाना था, और रोमा में वो सब कुछ था। ऐसे में रोमा के किरदार को हां करना उनके लिए सौभाग्य की बात थी। बता दें कि फिल्म ‘डॉन’ 1978 की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म थी, और अमिताभ बच्चन ने फिल्म में डबल रोल प्ले किया था। फिल्म की कहानी और संवाद सलीम-जावेद ने लिखे थे।

Leave feedback about this

  • Service