N1Live Entertainment मुकेश के निधन के बाद जब लता मंगेशकर ने दिया नितिन मुकेश को मौका, जिसने बदल दी पूरी जिंदगी
Entertainment

मुकेश के निधन के बाद जब लता मंगेशकर ने दिया नितिन मुकेश को मौका, जिसने बदल दी पूरी जिंदगी

When Lata Mangeshkar gave Nitin Mukesh a chance after Mukesh's passing—a move that changed his entire life.

भारतीय संगीत जगत में कुछ नाम ऐसे हैं, जिन्हें सिर्फ उनकी आवाज के लिए नहीं, बल्कि उनके संघर्ष और सफर के लिए भी याद किया जाता है। ऐसे ही एक गायक हैं नितिन मुकेश… जिन्हें पिता मुकेश के निधन के बाद अचानक बड़ा मंच मिला। यही उनके करियर का अहम मोड़ साबित हुआ और उन्होंने संगीत की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई।

नितिन मुकेश का जन्म 27 जून 1950 को हुआ था। वह भारत के महान गायक मुकेश के बेटे हैं। बचपन में ही उन्होंने अपने पिता से गायकी की बारीकियां सीखीं और एक गायक बनने का सपना देखा।

मुकेश के निधन के बाद संगीत जगत में एक खालीपन आ गया था। मुकेश के अचानक निधन ने सभी को झकझोर दिया था। उनके निधन से लता मंगेशकर भी काफी दुखी थीं। उन्होंने मुकेश के साथ कुछ अंतरराष्ट्रीय शो पहले से तय किए हुए थे, जिन्हें वह शुरुआती तौर पर रद्द करने का विचार कर रही थी। लेकिन अपने पेशेवर प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्होंने एक बड़ा फैसला लिया। इसी फैसले ने नितिन मुकेश की जिंदगी बदल दी।

लता मंगेशकर ने तय किया कि वह इन शो में अकेली नहीं जाएंगी, बल्कि मुकेश के बेटे नितिन मुकेश को अपने साथ मंच पर लेकर जाएंगी। बताया जाता है कि लता मंगेशकर ने मंच से दर्शकों को बताया कि मुकेश अब इस दुनिया में नहीं हैं और इसलिए वह उनके बेटे के साथ यह संगीत यात्रा आगे बढ़ा रही हैं। यह नितिन मुकेश के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हुआ और यहीं से उनके अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफर की शुरुआत हुई।

इसके बाद नितिन मुकेश को लता मंगेशकर के साथ दुनिया के कई देशों में प्रस्तुति देने का अवसर मिला। इस अनुभव ने उनके करियर को नई दिशा दी और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

बाद में नितिन मुकेश ने हिंदी फिल्म संगीत में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई। उन्होंने 1980 और 1990 के दशक में कई लोकप्रिय गीत गाए, जो आज भी श्रोताओं के बीच पसंद किए जाते हैं। उन्होंने ‘माय नेम इज लखन’, ‘सो गया ये जहां’, ‘जिंदगी हर कदम’, ‘वफा ना रास आई’, ‘तेरी झील सी गहरी आंखें’ जैसे कई लोकप्रिय गानों को अपनी आवाज दी।

अपने करियर में उन्होंने कई बड़े संगीतकारों के साथ काम किया, जिनमें आर. डी. बर्मन, लक्ष्मीकांत–प्यारेलाल, बप्पी लहरी, खय्याम और आनंद–मिलिंद जैसे दिग्गज संगीतकार शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने लता मंगेशकर, आशा भोसले, अलका याग्निक समेत कई प्रमुख गायिकाओं के साथ उन्होंने अनेक यादगार युगल गीत भी गाए।

Exit mobile version