March 11, 2026
Entertainment

जब पूनम पांडे ने डिजिटल दुनिया में मचाया था तहलका, गूगल ने किया था बैन

When Poonam Pandey created a stir in the digital world, Google banned her.

बॉलीवुड और सोशल मीडिया की दुनिया में कुछ नाम ऐसे हैं जो अपने बोल्ड अंदाज और विवादों के कारण हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। पूनम पांडे भी ऐसे ही नामों में शामिल हैं। मॉडलिंग से लेकर फिल्मों तक, और सोशल मीडिया से लेकर डिजिटल कंटेंट तक, पूनम ने हमेशा लोगों का ध्यान खींचा। एक बार तो नौबत यहां तक आ गई थी कि गूगल ने उन्हें बैन तक कर दिया था।

पूनम पांडे का जन्म 11 मार्च 1991 को कानपुर में एक साधारण परिवार में हुआ था। उन्होंने अपनी पढ़ाई दिल्ली से पूरी की और 18 साल की उम्र में मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा। उनके बोल्ड फोटोशूट्स ने उन्हें जल्दी ही लोकप्रिय बना दिया। 2010 में ग्लैडरैग्स मैनहंट और मेगा मॉडल प्रतियोगिता में वह टॉप 9 में शामिल हुईं। इसके बाद उन्होंने कई कैलेंडर और फोटोशूट्स में काम किया, जिसमें 2012 का किंगफिशर कैलेंडर सबसे खास रहा।

2011 में पूनम पांडे अचानक सुर्खियों में तब आ गईं, जब उन्होंने कहा कि अगर भारतीय क्रिकेट टीम वर्ल्ड कप जीतती है तो वह न्यूड हो जाएंगी। मॉडलिंग और विवादों के बीच पूनम ने बॉलीवुड में भी कदम रखा। उन्होंने 2013 में फिल्म ‘नशा’ से डेब्यू किया। इस फिल्म में पूनम ने एक स्कूल टीचर का रोल निभाया, जिसमें बोल्ड सीन भी शामिल थे। फिल्म का पोस्टर जब रिलीज हुआ तो इसके विरोध में प्रदर्शन हुए और कुछ पोस्टर जला दिए गए। इसके बाद उन्होंने ‘मालिनी एंड कंपनी’, ‘द जर्नी ऑफ कर्मा’, ‘लव इज पॉइजन’, और ‘आ गया हीरो’ जैसी फिल्मों में भी काम किया।

टीवी और रियलिटी शो की दुनिया में भी पूनम ने अपनी पहचान बनाई। उन्होंने ‘खतरों के खिलाड़ी 4’ और ‘लॉकअप’ में हिस्सा लिया। साथ ही, ‘टोटल नादानियां’ और ‘प्यार मोहब्बत श्श्श’ जैसे शोज में भी काम किया।

2017 में पूनम पांडे ने अपने नाम का मोबाइल ऐप लॉन्च किया। इस ऐप में उनका बोल्ड और एडल्ट कंटेंट था। यह ऐप जल्दी ही विवादों में घिर गया। गूगल ने इसे सिर्फ एक घंटे में ही प्ले स्टोर से हटा दिया, यह कहते हुए कि ऐप में ऐसा कंटेंट था जो उनकी पॉलिसी के खिलाफ था। इस घटना ने फिर से पूनम को सुर्खियों में ला दिया और लोगों का ध्यान खींचा।

पर्सनल लाइफ की बात करें तो पूनम ने 2020 में अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड सैम बॉम्बे से शादी की, लेकिन शादी के 11 दिन बाद उन्होंने अपने पति के खिलाफ धमकी और हमला करने का आरोप लगाया। गोवा पुलिस ने सैम को गिरफ्तार किया, लेकिन बाद में दोनों ने विवाद सुलझा लिया। इसके बाद भी पूनम विवादों से कभी दूर नहीं रहीं।

साल 2024 में उन्होंने सर्वाइकल कैंसर से अपनी मौत की झूठी खबर फैलाई, जिससे लोगों में बीमारी के प्रति जागरुकता फैल सके। हालांकि इसके लिए उन्हें आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ा।

Leave feedback about this

  • Service