N1Live Entertainment जब ‘रोजा’ ने बदली मधु की किस्मत, रातोंरात बनीं साउथ की सुपरस्टार
Entertainment

जब ‘रोजा’ ने बदली मधु की किस्मत, रातोंरात बनीं साउथ की सुपरस्टार

When 'Roja' changed Madhu's fortunes, she became a South superstar overnight.

27 मार्च । फिल्म इंडस्ट्री में कुछ ही कलाकारों की किस्मत में ऐसा होता है कि वे एक फिल्म से ही लोगों के दिलों में हमेशा के लिए जगह बना लेते हैं। मधु भी उन्हीं कलाकारों में से एक हैं। उन्होंने अपने करियर में कई फिल्में कीं, लेकिन मणि रत्नम की फिल्म ‘रोजा’ ने उन्हें एक अलग ही मुकाम पर पहुंचा दिया। हालांकि, इससे पहले वह ‘फूल और कांटे’ से हिंदी सिनेमा में पहचान बना चुकी थीं, लेकिन ‘रोजा’ ने उन्हें साउथ सिनेमा में आइकॉन बना दिया।

मधु का जन्म 26 मार्च 1969 को एक तमिल परिवार में हुआ था। उनका पूरा नाम मधुबाला रघुनाथ है। छोटी उम्र में उनके सिर से मां का साया उठ गया था। इसके बावजूद, उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपने सपनों को पूरा करने के लिए आगे बढ़ती रहीं। उन्होंने मुंबई में पढ़ाई की, और यहीं से उनका लगाव एक्टिंग की ओर बढ़ता चला गया।

मधु ने अपने करियर की शुरुआत साउथ फिल्मों से की। उनकी पहली रिलीज फिल्म ‘अजहगन’ थी, जिसमें उन्होंने अपने अभिनय से लोगों का ध्यान खींचा। इसके बाद उन्होंने ‘फूल और कांटे’ से बॉलीवुड में कदम रखा। इस फिल्म में उनके साथ अजय देवगन नजर आए और फिल्म सुपरहिट रही। इस फिल्म ने दोनों कलाकारों को रातोंरात स्टार बना दिया।

इसके बाद 1992 में आई फिल्म ‘रोजा’… यह फिल्म मधु के करियर का टर्निंग प्वाइंट साबित हुई। इस फिल्म की कहानी, संगीत और मधु की एक्टिंग को लोगों ने काफी पसंद किया। फिल्म को नेशनल लेवल पर भी सराहना मिली और यह कई भाषाओं में डब हुई। ‘रोजा’ के बाद मधु साउथ सिनेमा की बड़ी स्टार बन गईं। इस फिल्म के लिए उन्हें तमिलनाडु स्टेट फिल्म अवॉर्ड में स्पेशल प्राइज भी मिला।

‘रोजा’ की सफलता के बाद मधु ने तमिल, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ फिल्मों में लगातार काम किया। उन्होंने ‘जेंटलमैन’, ‘योधा’ और ‘अल्लारी प्रियुडु’ जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया। उन्होंने कई फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाए और दर्शकों का दिल जीता।

अगर निजी जीवन की बात करें तो मधु ने 1999 में बिजनसमैन आनंद शाह से शादी की। शादी के बाद उन्होंने कुछ समय के लिए फिल्मों से दूरी बना ली और अपने परिवार पर ध्यान दिया। उनकी दो बेटियां हैं और वह अपने परिवार के साथ खुशहाल जीवन जी रही हैं। वह हेमा मालिनी की भतीजी और जूही चावला की देवरानी भी हैं।

कुछ सालों के ब्रेक के बाद मधु ने एक बार फिर फिल्मों और टीवी में वापसी की। उन्होंने सपोर्टिंग रोल्स के जरिए अपनी मौजूदगी दर्ज कराई और आज भी वह एक्टिंग की दुनिया में सक्रिय हैं।

Exit mobile version