20 मार्च । दिल्ली के लाजपत नगर मेट्रो स्टेशन पर हुए बैग चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला का पर्स बरामद कर लिया, बल्कि उसमें रखी पूरी नकदी भी सुरक्षित वापस प्राप्त कर ली। इस मामले में आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता दीपिका अरोड़ा ने 15 मार्च को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने लाजपत नगर मेट्रो स्टेशन पर बैगेज स्कैनर में अपना महिला पर्स रखा था, इसके बाद वह गायब हो गया। पर्स में लगभग 25,000 रुपए नकद, महत्वपूर्ण कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। इस संबंध में पुलिस थाना नेहरू प्लेस मेट्रो में धारा 303(2) बीएनएस के तहत ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता दीपिका अरोड़ा उत्तराखंड की निवासी हैं।
स्कैनर में से बैग गायब होने के मामले को गंभीरता को देखते हुए जांच अधिकारी को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई। पुलिस थाना नेहरू प्लेस और मेट्रो स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। जांच के दौरान उस महिला की पहचान की गई, जिसने बैग उठाया था।
आगे की जांच में चेहरा पहचान प्रणाली और स्थानीय खुफिया जानकारी का सहारा लिया गया, जिसके आधार पर आरोपी महिला की पहचान 42 वर्षीय आशा के रूप में हुई, जो हजरत निजामुद्दीन, दिल्ली की निवासी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उसके कब्जे से चोरी हुआ पर्स बरामद कर लिया।
बरामद पर्स में कुल 26,728 रुपए नकद, दो मेट्रो कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित पाए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मेट्रो स्टेशन पर एफआरएस कैमरे की मदद से महिला की पहचान की जा सकी। महिला की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस की भी सहायता ली गई है। मेट्रो में चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है।
उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि अगर मेट्रो में किसी भी तरह की कोई परेशानी किसी को होती है तो वह सीधा सुरक्षा अधिकारियों से संपर्क कर सकता है।

