N1Live National तेजस्वी यादव को सीएम बनाने के लिए महिलाओं ने मन बना लिया : रोहिणी आचार्य
National

तेजस्वी यादव को सीएम बनाने के लिए महिलाओं ने मन बना लिया : रोहिणी आचार्य

Women have made up their mind to make Tejashwi Yadav the CM: Rohini Acharya

बिहार विधानसभा चुनाव के बीच पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने दावा किया कि प्रदेश में महिलाओं ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने का मन बना लिया है। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान रोहिणी आचार्य ने कहा कि जनता तेजस्वी यादव के विकास और रोजगार के वादों पर भरोसा कर रही है।

रोहिणी आचार्य ने दावा किया कि तेजस्वी यादव की रैलियों और जनसभाओं में भी भारी भीड़ उमड़ रही है, मीडिया इसे नहीं दिखा रही है।

उन्होंने कहा कि आइए हकीकत देखें, मेरे साथ चलिए। मैं आपको दिखाती हूं कि तेजस्वी यादव की जनसभाओं में कितनी भीड़ पहुंच रही है। तेजस्वी यादव की चुनावी सभाओं में आने वाली भीड़ सिर्फ भीड़ नहीं है, यह प्रदेश में महागठबंधन की अगली सरकार बनाने के लिए एक हुंकार है। तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए जनता एकजुट हो चुकी है। हर मां-बहन चाहती है कि तेजस्वी मुख्यमंत्री बनें, ताकि उनके घरों में खुशहाली आए, रोजगार बढ़े और महंगाई से राहत मिले।

रोहिणी ने कहा कि तेजस्वी यादव जो भी वादा करते हैं, उसे पूरा करते हैं। इसका बड़ा उदाहरण है जब उन्होंने कहा था कि 10 लाख नौकरियां देंगे तो उन्होंने पूरा किया। राजद जब सरकार में शामिल हुई तो तेजस्वी यादव ने उपमुख्यमंत्री बनते ही 5 लाख नौकरियां दीं। तेजस्वी जो कहते हैं, उसे करके दिखाते हैं।

महागठबंधन की ओर से सीएम पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने बिहार के युवाओं से वादा किया है कि अगर बिहार में महागठबंधन की सरकार बनती है तो वे हर परिवार में एक सरकारी नौकरी देंगे। तेजस्वी यादव ने यह भी दावा किया है कि 14 नवंबर को महागठबंधन की जीत होगी और 18 नवंबर को वे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर भी तेजस्वी ने भरोसा दिलाया है कि 18 नवंबर को शपथ लेने के बाद दो महीने के भीतर सभी अपराधियों को जेल भेजने का काम किया जाएगा, भले ही वे किसी भी जाति-धर्म से आते हों।

Exit mobile version