N1Live Sports महिला टी20 विश्व कप: साइवर-ब्रंट की कप्तानी पारी, साउथ अफ्रीका को हराकर पांचवीं बार फाइनल में पहुंचा इंग्लैंड
Sports

महिला टी20 विश्व कप: साइवर-ब्रंट की कप्तानी पारी, साउथ अफ्रीका को हराकर पांचवीं बार फाइनल में पहुंचा इंग्लैंड

Women's T20 World Cup: Sciver-Brunt's captain's knock; England reaches final for the fifth time after defeating South Africa.

 

लंदन इंग्लैंड क्रिकेट टीम आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में पहुंच चुकी है। केनिंग्टन ओवल के मैदान पर टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए साउथ अफ्रीका को 40 रनों से हराया।

इंग्लैंड ने पांचवीं बार वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई है। इंग्लिश टीम से मिले 170 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 129 रन ही बना सकी। टीम को कप्तान लौरा वोल्वार्ट और ताजमिन ब्रिट्स ने सधी हुई शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 43 रन जोड़े। वोल्वार्ट 15 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हुईं। हालांकि, इसके बाद प्रोटियाज टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। एनेरी डर्कसेन महज 3 रन बनाकर पवेलियन लौटीं।

वहीं, टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में नजर आईं मारिजाने कैप भी सेमीफाइनल में बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं और महज 5 रन बनाकर चार्ली डीन का शिकार बनीं। सुने लुस 11 रन ही बना सकीं, जबकि क्लो ट्रायोन को 12 रनों के स्कोर पर सोफी एक्लेस्टोन ने क्लीन बोल्ड किया।

ब्रिट्स ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में 51 रनों की दमदार पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। नादिन डी क्लर्क 14 रन बनाकर नाबाद रहीं। अयाबोंगा खाका ने 4 रन बनाए। गेंदबाजी में इंग्लैंड की ओर से लॉरेन बेल ने 28 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि चार्ली डीन ने 31 रन खर्च करते हुए 2 विकेट अपने नाम किए। फ्रेया केम्प और लिन्से स्मिथ ने एक-एक विकेट निकाला।

इससे पहले, टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। एमी जोन्स महज 2 रन बनाकर शबनम इस्माइल की गेंद पर आउट हुईं। वहीं, डैनी व्याट को 12 रनों के स्कोर पर मारिजाने कैप ने पवेलियन भेजा। एलिसा कैप्सी भी महज एक रन ही बना सकीं। 23 के स्कोर पर 3 विकेट खोकर मुश्किल में नजर आ रही इंग्लैंड की लड़खड़ाती हुई पारी को कप्तान नेट साइवर-ब्रंट और हीथर नाइट ने संभाला। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 90 गेंदों में 133 रन जोड़े। नाइट ने 47 गेंदों में 6 चौके और एक छक्के की मदद से 58 रन बनाए।

वहीं, साइवर-ब्रंट ने 47 गेंदों में 75 रनों की दमदार पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी के दौरान 11 चौके और एक छक्का लगाया, जिसके दम पर इंग्लैंड 5 विकेट खोकर 169 रन बनाने में सफल रही। गेंदबाजी में साउथ अफ्रीका की तरफ से शबनम इस्माइल ने 31 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि नॉनकुलुलेको म्लाबा ने 25 रन देकर 2 विकेट निकाले। इंग्लैंड ने पांचवीं बार टी20 विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई है। खिताबी मुकाबले में टीम का सामना छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से रविवार को लॉर्ड्स के मैदान पर होगा।

 

Exit mobile version