N1Live Entertainment इस दिन रिलीज होगी यश की ‘टॉक्सिक’, मेकर्स ने नए पोस्टर के साथ की बड़ी घोषणा
Entertainment

इस दिन रिलीज होगी यश की ‘टॉक्सिक’, मेकर्स ने नए पोस्टर के साथ की बड़ी घोषणा

Yash's 'Toxic' to be released on this day; makers make a big announcement with a new poster.

कन्नड़ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर आखिरकार विराम लग गया है।

पिछले कुछ हफ्तों से फिल्म की रिलीज डेट को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही थीं। वहीं कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया था कि फिल्म को बंद कर दिया गया है। लेकिन अब निर्माताओं ने आधिकारिक रूप से फिल्म की नई रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। यह फिल्म अब 26 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

रविवार को मेकर्स ने फिल्म का एक नया पोस्टर जारी करते हुए रिलीज डेट की घोषणा की। पोस्टर में यश दो अलग-अलग अवतारों में नजर आ रहे हैं, जिनके नाम ‘राया’ और ‘टिकट’ बताए जा रहे हैं। पोस्टर ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दिया है।

फिल्म की कहानी को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन पोस्टर को देख लोग अंदाजा लगा रहे हैं कि यह एक गंभीर और रहस्यमयी कहानी होगी। फिल्म में यश के अलावा, नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत, और तारा सुतारिया जैसे सितारे अहम किरदार में नजर आएंगे।

मेकर्स ने फिल्म की रिलीज के लिए ऐसा समय चुना है, जो बॉक्स ऑफिस के लिहाज से काफी फायदेमंद माना जा रहा है। अगस्त 2026 के दौरान ओणम, ईद और रक्षाबंधन जैसे कई प्रमुख त्योहार पड़ रहे हैं। ऐसे में सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या बढ़ने की संभावना है।

गौरतलब है कि फिल्म की रिलीज डेट पहले कई बार बदली जा चुकी है। शुरुआत में ‘टॉक्सिक’ को 19 मार्च 2026 को रिलीज किया जाना था। उस समय इसका सीधा मुकाबला रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ से होने वाला था। बाद में मेकर्स ने इसकी रिलीज को आगे बढ़ाकर 4 जून 2026 कर दिया। हालांकि इसके बाद भी फिल्म की रिलीज को एक बार फिर टाल दिया गया।

बता दें कि इस फिल्म के जरिए राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्देशक गीता मोहनदास और सुपरस्टार यश पहली बार साथ काम कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस और यश की प्रोडक्शन कंपनी मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले किया जा रहा है। फिल्म को कन्नड़, हिंदी, अंग्रेजी, तेलुगु, तमिल और मलयालम समेत छह भाषाओं में 26 अगस्त को रिलीज किया जाएगा।

Exit mobile version