N1Live Entertainment ड्रग्स के खिलाफ यो यो हनी सिंह, दिल्ली पुलिस के वीडियो में युवाओं से की नशे से दूर रहने की अपील
Entertainment

ड्रग्स के खिलाफ यो यो हनी सिंह, दिल्ली पुलिस के वीडियो में युवाओं से की नशे से दूर रहने की अपील

Yo Yo Honey Singh is against drugs, appealing to youth to stay away from drugs in a video for Delhi Police.

17 मार्च । देश में बढ़ते नशे के खतरे को देखते हुए समय-समय पर पुलिस और प्रशासन लोगों को जागरूक करने के लिए अलग-अलग अभियान चलाते रहते हैं। इसी कड़ी में दिल्ली पुलिस ने एक खास वीडियो साझा किया है, जिसमें मशहूर रैपर यो यो हनी सिंह युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह देते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो में हनी सिंह कह रहे हैं कि अगर युवा स्वस्थ रहेंगे, तो देश का भविष्य भी मजबूत होगा।

दिल्ली पुलिस की ओर से साझा किए गए इस वीडियो में हनी सिंह कहते हैं, ”मैं यूथ को यह सलाह देना चाहता हूं कि आप ड्रग्स से दूर रहें और जितना हो सकता है, नशे से बचें। क्योंकि अगर हमारा यूथ स्वस्थ रहेगा, तो हमारा देश भी आगे बढ़ेगा।”

इस वीडियो के बैकग्राउंड में हनी सिंह का मशहूर गाना ‘यार तेरा सुपरस्टार’ भी सुनाई देता है। दिल्ली पुलिस द्वारा साझा किया गया यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से लोगों का ध्यान खींच रहा है। इसमें हनी सिंह का संदेश सीधे युवाओं तक पहुंचाने की कोशिश की गई है।

हनी सिंह की जिंदगी में एक वक्त ऐसा भी था, जब वह करियर के पीक पर थे, लेकिन नशे की लत ने उन्हें बर्बादी की चौखट पर लाकर खड़ा कर दिया था।

हनी सिंह भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री के उन कलाकारों में से हैं, जिन्होंने रैप और पॉप म्यूजिक को नई पहचान दिलाई। उनका असली नाम हिरदेश सिंह है और उन्होंने अपने करियर की शुरुआत म्यूजिक प्रोड्यूसर और रिकॉर्डिंग आर्टिस्ट के रूप में की थी।

धीरे-धीरे उनके गाने युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय होने लगे। उनके कई गाने क्लबों, पार्टियों और शादियों में खूब बजने लगे और उन्होंने कम समय में बड़ी लोकप्रियता हासिल कर ली। उन्होंने कई इंटरव्यू में बताया है कि एक समय ऐसा था जब शराब और ड्रग्स उनकी जिंदगी पर पूरी तरह हावी हो गए थे।

साल 2014 में हनी सिंह की तबीयत खराब होने लगी और उन्हें गंभीर मानसिक समस्याओं का सामना करना पड़ा, तब डॉक्टरों की सलाह पर उन्होंने नशा छोड़ने का फैसला किया। हालांकि, नशा छोड़ना उनके लिए आसान नहीं था। उन्होंने बताया कि ड्रग्स का असर शरीर और दिमाग से खत्म होने में कई साल लग गए। इस दौरान उन्होंने इलाज कराया, खुद को लोगों से दूर रखा और धीरे-धीरे सामान्य जीवन में लौटने की कोशिश की। अब वह युवाओं को भी नशे से दूर रहने की सलाह देते हैं।

Exit mobile version