N1Live National सोशल मीडिया पर कट्टरपंथी पोस्ट मामले में भुवनेश्वर से युवक गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस
National

सोशल मीडिया पर कट्टरपंथी पोस्ट मामले में भुवनेश्वर से युवक गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस

Youth arrested from Bhubaneswar for posting extremist content on social media, police investigating

भुवनेश्वर-कटक पुलिस कमिश्नरेट और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक संयुक्त कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया पर संदिग्ध और कट्टरपंथ से जुड़े कंटेंट के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म जैसे इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सऐप और सिग्नल पर चल रही गतिविधियों की जांच के बाद की गई।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने करीब एक सप्ताह पहले दिल्ली में कुछ युवकों को सोशल मीडिया पर संदिग्ध पोस्ट और बातचीत के मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। इन युवकों के मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच की गई तो कई अहम सुराग मिले, जिनके जरिए एक लिंक ओडिशा तक पहुंचा।

जांच में सामने आया कि इस नेटवर्क से जुड़े कुछ लोग धार्मिक आधार पर कट्टरपंथी विचारों का प्रसार कर रहे थे और सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे से लगातार संपर्क में थे। जांच की प्रक्रिया के तहत टीम ओडिशा पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से भुवनेश्वर के यूनिट-6 इलाके से एक युवक को पकड़ा गया।

गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान शेख इमरान उर्फ एस.के. इमरान (22) के रूप में हुई है, जो भुवनेश्वर के गंगानगर स्थित यूनिट-6 इलाके का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह बेरोजगार है और सोशल मीडिया के जरिए एक ऐसे ग्रुप से जुड़ा था, जहां कथित तौर पर धार्मिक आधार पर आपत्तिजनक और कट्टरपंथ से जुड़े कंटेंट साझा किए जाते थे।

पुलिस के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया है कि शेख इमरान व्हाट्सऐप और सिग्नल जैसे मैसेजिंग ऐप्स के जरिए एक बंद समूह से जुड़ा हुआ था। इसी ग्रुप में संदिग्ध और आपत्तिजनक सामग्री साझा की जा रही थी, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए हानिकारक है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को भुवनेश्वर की एसडीजेएम अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दिल्ली पुलिस की ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया गया। अब दिल्ली पुलिस आगे की जांच करेगी और यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका दायरा कितना बड़ा है।

Exit mobile version